BREAKING

DelhiIndia

राहुल गांधी के पुणे कार्यक्रम को पुलिस की मंजूरी, 30 शर्तें लागू ड्रोन पर भी रोक

पुणे: कांग्रेस नेता राहुल गांधी 22 अगस्त को पुणे में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। पुणे पुलिस ने कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है, लेकिन आयोजकों के सामने करीब 30 शर्तें रखी गई हैं। पुलिस की अनुमति के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान आपत्तिजनक तस्वीर, पोस्टर या बैनर लगाने पर रोक रहेगी।यह कार्यक्रम पुणे के SSPMS कॉलेज ग्राउंड में शाम 4:30 बजे से रात 9:30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं के पहुंचने की संभावना है।

छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिक्षा, सुरक्षा, समानता, प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम का फोकस छात्राओं से जुड़े मुद्दों पर भी रहेगा।पुलिस की ओर से जारी अनुमति में आयोजकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कार्यक्रम में ऐसा कोई पोस्टर, बैनर या तस्वीर प्रदर्शित न की जाए, जिससे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत हों या कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो।पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं करने के साथ प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त गेट रखने होंगे।आयोजकों को निजी सुरक्षा गार्ड, महिला सुरक्षाकर्मी और बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स तैनात करने होंगे। कार्यक्रम स्थल पर CCTV कैमरे भी चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा पीने के पानी, शौचालय, फायर सेफ्टी उपकरण और पार्किंग की व्यवस्था भी आयोजकों को करनी होगी। पुलिस, मेडिकल और फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की आवाजाही के लिए इमरजेंसी रास्ता भी खुला रखना होगा।

ड्रोन से फोटोग्राफी पर रोक

पुणे पुलिस ने कार्यक्रम के दौरान ड्रोन से फोटोग्राफी की अनुमति नहीं दी है। आयोजकों को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी निर्देशों का पालन करना होगा।महाराष्ट्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा है कि पार्टी पुलिस की ओर से तय सभी शर्तों का पालन करेगी।

31 अगस्त तक प्रतिबंधात्मक आदेश

पुणे पुलिस ने 31 अगस्त तक प्रतिबंधात्मक आदेश भी लागू किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आगामी त्योहारों, प्रदर्शनों और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ये आदेश जारी किए गए हैं।वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरोप लगाया है कि इन प्रतिबंधात्मक आदेशों का इस्तेमाल राहुल गांधी के कार्यक्रम में बाधा डालने के लिए किया जा रहा है।

कोटा से शुरू हुआ था अभियान

राहुल गांधी ने छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर ‘छात्रों की गूंज’ अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। इसके बाद देहरादून और प्रयागराज में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुणे में होने वाला कार्यक्रम इसी अभियान की अगली कड़ी है।अब देखना होगा कि 22 अगस्त को पुणे में होने वाला यह कार्यक्रम किस तरह आयोजित होता है और इसमें छात्रों की ओर से कौन-कौन से मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds