पंजाब प्रदेश महिला कांग्रेस की ओर से आज चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार की कथित नाकामियों और महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार को “बलात्कारियों की पनाहगाह” तक करार दिया।महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बड़ा जत्था जब मुख्यमंत्री की सरकारी रिहायश का घेराव करने के लिए आगे बढ़ा, तो चंडीगढ़ पुलिस ने रास्ते में भारी बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई।
5 करोड़ रुपये के लेन-देन का आरोप
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहीं पंजाब प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बलजीत कौर ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि एक कथित बलात्कार मामले के आरोपी को रिहा करवाने के लिए 5 करोड़ रुपये के लेन-देन किया गया। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं से धोखे का लगाया आरोप
महिला कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की महिलाओं को 1,000 से 1,500 रुपये देने के वादों के नाम पर लगातार टालमटोल की जा रही है। वहीं दूसरी ओर, उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे के दम पर गंभीर अपराधों के आरोपियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। महिला नेताओं ने इसे पंजाब की महिलाओं के साथ भेदभाव और धोखा बताया।
पुलिस कार्रवाई पर भी उठाए सवाल
मोहाली जिला अध्यक्ष परमजीत कौर और प्रदेश सचिव चरणजीत कौर ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रही थीं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन ने बल प्रयोग किया।महिला कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर आरोपियों के खिलाफ जल्द उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को पंजाब के हर जिले और गांव तक ले जाया जाएगा।








