केरल के त्रिशूर जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कैपामंगलम के पनंबीकुन्नू में एक कार हाईवे के किनारे खड़ी लॉरी से जा टकराई। हादसे में कार सवार 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ।पुलिस ने बताया कि कार तमिलनाडु नंबर की थी और उसमें सवार ज्यादातर लोग डिंडीगुल के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए गाड़ी को काटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, कार गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान पनंबीकुन्नू सेंटर के पास सड़क किनारे खड़ी एक मालवाहक लॉरी के पीछे कार जा घुसी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, जबकि पीछे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड की रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखे गए शव
सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल मृतकों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से किस वजह से टकराई।








