जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोरायां ओवरब्रिज के पास देर रात करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवकों की पार्सल ट्रक के पीछे टक्कर लगने से मौके पर ही मौत हो गई। तीनों की उम्र करीब 20 से 22 साल के बीच बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची। तीनों युवक सड़क पर खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उन्हें तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की जेब से कोई पहचान पत्र नहीं मिला है, इसलिए फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है। हालांकि, तीनों के मोबाइल फोन मिले हैं और इनके जरिए उनके परिवारों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।
ट्रक के नीचे 10 फीट तक घुस गई बाइक
हादसा इतना भयानक था कि बाइक ट्रक के नीचे करीब 10 फीट तक अंदर घुस गई। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाइक को बाहर निकाला गया। दोनों वाहन जालंधर से लुधियाना की ओर जा रहे थे। ट्रक का नंबर महाराष्ट्र का बताया जा रहा है।
लुधियाना नंबर की बाइक पर सवार थे युवक
पुलिस के मुताबिक, बाइक का नंबर PB 10KB 1280 है। शुरुआती जांच में तीनों युवक उत्तर प्रदेश के रहने वाले और लुधियाना में किसी फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
ट्रक चालक हादसे के बाद फरार
हादसे के बाद पार्सल ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। हादसे के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
SSF की टीम ने हाइड्रा क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को सड़क से हटाया और हाईवे पर यातायात को दोबारा सुचारू करवाया। पुलिस मोबाइल फोन के जरिए मृतकों की पहचान और उनके परिवारों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।









