चंडीगढ़ के सेक्टर-38 वेस्ट में बगिया नर्सरी के पास मिले टैक्सी चालक विजय कुमार के शव के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। मलोया थाना पुलिस ने हत्याकांड में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के मानसा जिले के गांव सहनेवाली निवासी 25 वर्षीय पंजाबदीप सिंह और 27 वर्षीय हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को सेक्टर-56 के जंगल से गिरफ्तार किया गया।
तेजधार हथियार से की गई हत्या
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि विजय कुमार की हत्या तेजधार हथियार से की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसकी टैक्सी को सेक्टर-52 इलाके में छोड़कर फरार हो गए थे।मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। कंट्रोल रूम के जरिए पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-38 वेस्ट में बगिया नर्सरी के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है।सूचना मिलते ही मलोया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी करवाई और जांच के लिए FSL तथा MFT टीमों को भी बुलाया गया। टीमों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच आगे बढ़ाई।
टैक्सी से मिली अहम जानकारी
जांच के दौरान पुलिस को विजय कुमार की टैक्सी के संबंध में भी अहम जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद टैक्सी को सेक्टर-52 इलाके में छोड़ दिया गया था। इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया है।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की तलाश की जा रही है।पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ और आगे की जांच में यह स्पष्ट होगा कि विजय कुमार की हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है।










