प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने सूरत और नर्मदा जिले में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने न केवल 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया, बल्कि मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर (MAHSR) की प्रगति का भी जायजा लिया।
सूरत में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का निरीक्षण
प्रधानमंत्री मोदी ने सबसे पहले सूरत के अंत्रोली क्षेत्र में बन रहे बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन की प्रगति और निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर लगभग 508 किलोमीटर लंबा है, जिसमें 352 किलोमीटर का हिस्सा गुजरात और दादरा व नगर हवेली में और 156 किलोमीटर महाराष्ट्र में आता है। यह हाई-स्पीड कॉरिडोर अहम शहरों जैसे साबरमती, अहमदाबाद, आणंद, वडोदरा, भरूच, सूरत, बिलिमोरा, वापी, बोईसर, विरार, ठाणे और मुंबई को जोड़ता है। PM मोदी ने इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों के साथ निर्माण की गति और गुणवत्ता पर चर्चा की।
नर्मदा में भव्य रोड शो
सूरत के बाद प्रधानमंत्री मोदी नर्मदा जिले पहुंचे, जहां उनका भव्य रोड शो आयोजित किया गया। रोड शो के दौरान PM मोदी का जनसमूह द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। फूलों की वर्षा के बीच उनका स्वागत किया गया।नर्मदा में उन्होंने देवमोगरा मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।प्रधानमंत्री मोदी ने इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह में भी हिस्सा लिया। इस समारोह के दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के विकास और कल्याण पर जोर दिया।
9,700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री मोदी ने नर्मदा जिले में कुल 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में आदिवासी कल्याण, बुनियादी ढांचा, स्वास्थ्य, शिक्षा और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र शामिल हैं।इस अवसर पर PM मोदी ने धरती आबा जनजाति ग्राम उतकर्ष अभियान के तहत बने 1 लाख घरों के गृह प्रवेश का शुभारंभ किया।

इसके अलावा उन्होंने 42 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (EMRS) का उद्घाटन किया और 50 नए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों की नींव रखी। साथ ही, गुजरात के 14 आदिवासी जिलों में 250 बसों को भी हरी झंडी दिखाई।
गुजरात के विकास में प्रधानमंत्री की पहल
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा बिहार में NDA की बड़ी जीत के तुरंत बाद हुआ। इस दौरे का उद्देश्य न केवल राज्य के विकास की गति को बढ़ाना है, बल्कि जनजातीय समाज और उनकी कल्याणकारी परियोजनाओं को भी बढ़ावा देना है। बुलेट ट्रेन, सड़क और शिक्षा परियोजनाओं के माध्यम से PM मोदी ने गुजरात में आधुनिक और समृद्ध विकास का मार्ग प्रशस्त किया है।