सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर PM मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर करी श्रद्धांजलि अर्पित, ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना के साथ मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के नर्मदा जिले के एकता नगर (पूर्व में केवडिया) स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवससमारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और देश की एकता, अखंडता तथा समरसता के प्रति अपने संकल्प को दोहराया।

राष्ट्रीय एकता दिवस परेड में महिला नेतृत्व की खास झलक

प्रधानमंत्री मोदी ने श्रद्धांजलि के बाद राष्ट्रीय एकता दिवस परेड की सलामी ली। इस परेड की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें शामिल सभी टुकड़ियों का नेतृत्व महिला अफसरों ने किया।परेड में BSF, CISF, ITBP, CRPF, SSB और अन्य अर्धसैनिक बलों की 16 टुकड़ियां शामिल हुईं। इसके साथ ही ऑपरेशन सिंदूर में बहादुरी दिखाने वाले BSF के 16 पदक विजेता और CRPF के 5 शौर्य चक्र विजेता भी इस मौके पर मौजूद रहे।गुजरात कैडर की IPS अधिकारी सिमरन भारद्वाज ने प्रधानमंत्री मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया। समारोह के दौरान हेराल्डिंग टीम के 100 सदस्य और 9 बैंड टुकड़ियां भी शामिल थीं। इसके अलावा 4 स्कूल बैंड्स ने देशभक्ति की धुनों पर परफॉर्म कर माहौल को और भी उत्सवमय बना दिया।

गणतंत्र दिवस की तर्ज पर परेड

इस वर्ष की ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ परेड को गणतंत्र दिवस की शैली में आयोजित किया गया। समारोह का मुख्य आकर्षण रही 10 भव्य झांकियां, जिनमें NDRF, NSG, जम्मू-कश्मीर, अंडमान-निकोबार, पुडुचेरी, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के सांस्कृतिक और प्रशासनिक योगदान को दर्शाया गया।गुजरात की झांकी ने सरदार पटेल के भारत के एकीकरण में योगदान को खूबसूरती से प्रस्तुत किया।

हवाई करतब और अद्भुत प्रदर्शन ने बांधा समां

आकाश में भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने अद्भुत फ्लाई पास्ट किया, जिसने समारोह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।परेड में NSG का हेल मार्च, CRPF और गुजरात पुलिस की महिला विंग का राइफल ड्रिल, BSF का डॉग शो और असम पुलिस का मोटरसाइकिल स्टंट शो भी प्रदर्शित किया गया, जिसने दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।

 

15 दिन चलेगा भारत पर्व 2025’

एकता नगर में 1 से 15 नवंबर 2025 तक भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस पर्व के दौरान भारत की विविधता में एकता और संस्कृति की समृद्ध विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। हर शाम डैम व्यू पॉइंट 1 पर दो राज्य अपनी-अपनी सांस्कृतिक झलकियों और लोककला प्रस्तुतियों से दर्शकों को आकर्षित करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों की सांस्कृतिक धरोहरों को एक मंच पर लाना है।

प्रधानमंत्री मोदी का संदेश

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि “भारत सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर उन्हें नमन करता है। वे भारत के एकीकरण के पीछे की मुख्य शक्ति थे, जिन्होंने देश के भाग्य को आकार दिया। राष्ट्रीय एकता, सुशासन और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। हम एकजुट, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के उनके विजन को आगे बढ़ाने के अपने संकल्प को दोहराते हैं।”

सरदार पटेल भारत के लौह पुरुष

सरदार वल्लभभाई पटेल ने स्वतंत्र भारत में 562 रियासतों का विलय कर देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उन्हें भारत का लौह पुरुष कहा जाता है।उनकी जयंती को देशभर में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, जो हर भारतीय को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना से जोड़ता है।

कार्यक्रम की खास झलकियां

प्रधानमंत्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर पुष्पांजलि अर्पित कीमहिला अधिकारियों ने परेड का नेतृत्व किया10 राज्यों की झांकियों ने भारत की विविधता को दर्शाया। वायुसेना की सूर्यकिरण टीम का शानदार फ्लाई पास्ट हुआ।15 दिन तक चलेगा भारत पर्व 2025, हर शाम राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, जो 182 मीटर ऊंची दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा है, आज न केवल सरदार पटेल की विरासत का प्रतीक है बल्कि एक सशक्त, एकजुट और आत्मनिर्भर भारत के सपने का भी प्रतीक बन चुकी है।सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित यह आयोजन भारत की एकता, नारी शक्ति और सांस्कृतिक गौरव का भव्य प्रतीक बन गया है।

 

Exit mobile version