गुजरात के वलसाड जिले के वापी स्थित औरंगा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे साइट पर मौजूद श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा सुबह करीब 9 बजे कैलाश रोड पर हुआ। इस दुर्घटना में चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत मलबे से निकालकर अस्पताल ले जाया गया।
एक मजदूर अब भी लापता है, जिसकी तलाश तेज़ी से जारी है।मिली जानकारी के अनुसार पुल के दो पिलरों के बीच बनाई गई बांस की मचान (अस्थायी संरचना) अचानक टूटकर नीचे गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गिरने की आवाज तेज थी और देखते ही देखते पूरा ढांचा भरभराकर ढह गया।परदी-संधपोर ग्राम पंचायत के सरपंच भोलाभाई पटेल ने बताया कि दो खंभों के बीच लोहे की छड़ों की पटिया डाली जानी थी, लेकिन एक पिलर खिसकने के कारण पूरी संरचना ढह गई।
हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। मलबे को हटाने के लिए क्रेन बुलाई गई और बचाव अभियान तत्काल शुरू किया गया।स्थानीय लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर घायलों को निकालने में मदद की। प्रशासन ने राहत कार्य को सुचारू रखने के लिए आसपास का ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया है।SDM वलसाड विमल पटेल ने बताया कि“औरंगा नदी पर पुल निर्माण के दौरान एक गर्डर क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण यह हिस्सा गिरा। उस समय साइट पर 105 मजदूर मौजूद थे। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।”उन्होंने कहा कि प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है और ठेकेदार कंपनी को सुरक्षा मानकों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि क्या निर्माण कार्य निर्धारित सुरक्षा और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें लापता कर्मचारी की तलाश में लगी हैं।
