INDONESIA में भीषण सड़क हादसा, जावा द्वीप में बस पलटने से 16 लोगों की मौत,19 यात्री गंभीर रूप से घायल

इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सेंट्रल जावा प्रांत के सेमारंग शहर में एक तेज रफ्तार पैसेंजर बस अनियंत्रित होकर कंक्रीट बैरियर से टकरा गई और पलट गई। इस हादसे में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

जकार्ता से योग्याकार्ता जा रही थी बस

अधिकारियों के अनुसार, हादसे का शिकार हुई इंटर-प्रोविंस बस राजधानी जकार्ता से प्राचीन शाही शहर योग्याकार्ता जा रही थी। बस में कुल 34 यात्री सवार थे। यह दुर्घटना सेमारंग के क्राप्याक टोल एग्जिट के पास चौराहे पर हुई, जहां बस अचानक नियंत्रण खो बैठी।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

सेमारंग सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख बुडियोनो ने बताया कि बस अत्यधिक गति में थी। अचानक चालक का नियंत्रण हटने से बस सड़क किनारे लगे बैरियर से टकरा गई, जिससे वह पलट गई और कई यात्री अंदर फंस गए।

चुनौतीपूर्ण रहा रेस्क्यू ऑपरेशन

बुडियोनो ने बताया कि राहत और बचाव अभियान बेहद कठिन रहा। बस के शीशे टूट चुके थे और अंदर घुसने के रास्ते बंद थे।रेस्क्यू टीम को विशेष उपकरणों की मदद से बस के अंदर रास्ता बनाकर फंसे यात्रियों को बाहर निकालना पड़ा। कांच के टुकड़ों और मुड़ी हुई बस की संरचना के कारण बचाव कार्य जोखिम भरा था, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी पीड़ितों को बाहर निकाल लिया गया।

घायलों का इलाज जारी, जांच शुरू

सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच कर रही हैं।गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में एक रिहायशी घर में आग लगने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने देश में सड़क और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

Exit mobile version