Himachal Pradesh के प्रसिद्ध धार्मिक और ट्रैकिंग स्थल चुड़धार में प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या तेजी से बढ़ती जा रही है। आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य के इस केंद्र पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के साथ कचरे का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही बलजीत कौर और उनकी संस्था क्लिम ज़ील एडवेंचर एलएलपी ने क्षेत्र में स्वच्छता अभियान की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य चुड़धार को प्लास्टिक मुक्त बनाना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। हाल ही में चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने शिखर और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों से लगभग 70 किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र किया। इसमें प्लास्टिक बोतलें, खाने के रैपर और अन्य गैर-जैविक अपशिष्ट शामिल थे। यह केवल वह कचरा है जो सतह पर दिखाई दे रहा था, जबकि ट्रैकिंग मार्गों और जंगलों में अभी भी बड़ी मात्रा में प्लास्टिक फैला हुआ है, जो धीरे-धीरे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रहा है। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए संस्था ने अब हर सप्ताह नियमित सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों और पर्यटकों से भी इस मुहिम में जुड़ने और क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की गई है।
