JAPAN के ओइता प्रांत में लगी भीषण आग, 170 से अधिक इमारतें जलकर हुई खाक, प्रधानमंत्री ने भेजा सैन्य हेलीकॉप्टर,राहत कार्य लगातार जारी

दक्षिण-पश्चिमी जापान के ओइता प्रांत के सागानोसेकी जिले में भयंकर आग लगने से पूरे इलाके में हाहाकार मच गया।मिली जानकारी के अनुसार इस आग में अब तक 170 से अधिक इमारते पूरी तरह से जलकर खाक हो गई हैं। एक व्यक्ति लापता बताया जा रहा है।यह घटना जापान के हाल के इतिहास की सबसे विनाशकारी घटनाओं में से एक मानी जा रही है।शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार यह आग एक घने आवासीय क्षेत्र में मछली पकड़ने के बंदरगाह के पास भड़क उठी। तेज़ हवाओं और लकड़ी के पारंपरिक घरों की अधिकता के कारण आग पलक झपकते ही पूरे इलाके में फैल गई। स्थानीय निवासी भयभीत हो गए और कई लोग अपने घरों से जरूरी सामान लेकर भागने को मजबूर हुए।

जापान की अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, लगभग 170 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित किया गया। आग के दौरान कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन 70 वर्ष से अधिक उम्र का एक व्यक्ति अभी भी लापता है, जिसकी तलाश जारी है।प्रधानमंत्री ताकाइची ने ओइता प्रांत के राज्यपाल के अनुरोध पर सैन्य अग्निशमन हेलीकॉप्टर भेजकर आग बुझाने में मदद करने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म “X” पर प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि आग पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।स्थानीय मीडिया और अधिकारियों के अनुसार, सागानोसेकी का इलाका पहाड़ों से घिरा हुआ है और तेज़ हवाओं ने आग को बेहद तेज़ी से फैलने में मदद की। यही वजह है कि दमकल कर्मियों के लिए आग पर पूरी तरह काबू पाना मुश्किल हो गया।

सोशल मीडिया पर इस आग की कई तस्वीरें और वीडियोस वायरल हो रहे हैं। वीडियोस में साफ देखा जा सकता है कि  आग की ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार आसमान छू रहे हैं । इस आग ने न केवल आवासीय क्षेत्रों को बल्कि पास के पहाड़ी जंगलों को भी अपनी चपेट में ले लिया।स्थानीय सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए अस्थायी आश्रय और सहायता केंद्र स्थापित किए हैं। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और अग्निशमन दल के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।फिलहाल दमकल कर्मी अभी भी इस आग पर काबू पाने के लिए लगातर प्रयास कर  रहे हैं।

 

 

Exit mobile version