BREAKING

Himachal PradeshIndia

जिम के बाहर हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या, 20 राउंड फायरिंग से मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के आर्यापुरी इलाके में स्थित एक जिम के बाहर बाइक सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई।जानकारी के मुताबिक, बाबरी थाना क्षेत्र के बंटीखेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय अंकित बालियान बुधवार शाम करीब 4:30 बजे आर्यापुरी इलाके में ड्रेन साइड रोड स्थित ‘मस्कल्स जिम’ में कसरत करने पहुंचे थे। शाम करीब 6:48 बजे जब वह जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो में बैठने वाले थे, तभी मोटरसाइकिलों पर पहुंचे चार हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब दो मिनट के अंदर लगभग 20 राउंड फायरिंग की। इस दौरान अंकित को आठ गोलियां लगीं, जबकि उनकी स्कॉर्पियो पर भी पांच गोलियों के निशान मिले। गंभीर रूप से घायल अंकित को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर करीब 200 मीटर तक पैदल भाग गए। पुलिस ने घटनास्थल से खून, कारतूस के खोखे और अंकित का मोबाइल फोन बरामद किया है। खास बात यह है कि घटना के समय जिम के अंदर कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।हत्या की खबर फैलते ही परिजनों और समर्थकों में भारी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने शव को शहर के वर्मा मार्केट के पास सड़क पर रखकर देर रात तक जाम लगाया। सूचना मिलते ही एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ाते हुए पांच स्थानीय थानों की फोर्स तैनात कर दी है।फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे हरियाणा की चुनावी रंजिश, आपसी दुश्मनी और संगीत जगत से जुड़े विवादों समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds