दिल्ली के तिलक नगर से सामने आए 21 वर्षीय मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुस्कान के सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मुस्कान की हत्या के बाद से फरार चल रहा आरोपी और जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इमरान को पकड़ने के लिए स्पेशल स्टाफ की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी राजौरी गार्डन के नाला रोड की तरफ आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर ट्रैप लगाया।
पुलिस का दावा है कि जैसे ही इमरान वहां पहुंचा और उसने पुलिस टीम को देखा, उसने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। इस मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।एनकाउंटर के बाद अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मुस्कान की हत्या के पीछे असली वजह क्या थी।
डेढ़ साल से मुस्कान को जानता था आरोपी
जांच में सामने आया है कि मुस्कान और इमरान की जान-पहचान करीब डेढ़ साल पुरानी थी। दोनों की पहली मुलाकात तिलक नगर के ही एक जिम में हुई थी। इमरान वहां जिम ट्रेनर के तौर पर काम करता था, जबकि मुस्कान जिम में एक्सरसाइज करने आती थी।
जिम मालिक के मुताबिक, दोनों की जिम आने की टाइमिंग अलग-अलग थी। जिम में इमरान के व्यवहार को लेकर पहले कोई बड़ी शिकायत सामने नहीं आई थी। हालांकि, समय पर नहीं आने की वजह से उसे जिम से हटा दिया गया था। वहीं, मुस्कान का जिम सब्सक्रिप्शन खत्म होने के बाद उसने भी करीब एक महीने पहले जिम जाना बंद कर दिया था।
मुस्कान को परेशान करने का आरोप
मुस्कान के एक दोस्त ने पुलिस को बताया कि आरोपी का व्यवहार सामान्य नहीं था। आरोप है कि इमरान लगातार मुस्कान का पीछा करता था और उससे बातचीत करने की कोशिश करता था। मुस्कान अगर उससे बात नहीं करती थी तो वह कथित तौर पर उसे परेशान करता था।पुलिस की शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि मुस्कान की किसी दूसरे व्यक्ति से दोस्ती को लेकर इमरान नाराज था। हालांकि, हत्या की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद ही हो पाएगा।
घर में घुसकर चाकू से हत्या का आरोप
अब बात करते हैं उस खौफनाक वारदात की, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।मामला दिल्ली के तिलक नगर के ओल्ड महावीर नगर इलाके का है। 21 वर्षीय मुस्कान अपनी मां और बहनों के साथ किराये के मकान में रहती थी। आरोप है कि 26 अगस्त की शाम जब मुस्कान घर पर अकेली थी, तभी इमरान वहां पहुंचा।बताया जा रहा है कि शाम करीब साढ़े पांच बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान इमरान ने मुस्कान पर चाकू से हमला कर दिया।मुस्कान की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन मुस्कान को बचाया नहीं जा सका।
CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग
मामले की जांच में CCTV फुटेज पुलिस के लिए बड़ा सुराग साबित हुआ। आसपास लगे कैमरों की जांच के दौरान एक फुटेज में आरोपी के मुस्कान के घर की तरफ जाते हुए दिखाई देने की बात सामने आई।पुलिस इसी CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही थी। हत्या के बाद इमरान फरार हो गया था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।आखिरकार राजौरी गार्डन के नाला रोड पर पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हुआ और कथित फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में इमरान घायल हो गया।
FSL टीम ने जुटाए बैलिस्टिक सबूत
एनकाउंटर के बाद FSL की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से बैलिस्टिक सबूत जुटाए। पुलिस अब यह भी जांच करेगी कि मौके से बरामद सबूत आरोपी की फायरिंग से जुड़े हैं या नहीं।इसके साथ ही पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू और दूसरे संभावित सबूतों की भी तलाश कर रही है।
आरोपी पर पहले से भी दर्ज है मामला
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि आकिब उर्फ इमरान के खिलाफ पहले से एक आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस ने उसके कथित नशे की लत से जुड़े पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है।अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं—मुस्कान की हत्या की असली वजह क्या थी? क्या हत्या पहले से प्लान की गई थी? वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आया? हत्या के बाद आरोपी कहां छिपा था? और सबसे बड़ा सवाल—मुस्कान और इमरान के बीच आखिर ऐसा क्या हुआ कि बात हत्या तक पहुंच गई?इन सभी सवालों के जवाब अब पुलिस की पूछताछ और आगे की जांच में सामने आएंगे।फिलहाल मुस्कान हत्याकांड का आरोपी इमरान पुलिस की गिरफ्त में है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अब इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, ताकि इस सनसनीखेज हत्याकांड की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।












