नई दिल्ली: आकाशवाणी कार्यालय परिसर में कथित तौर पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करने और वहां प्रदर्शन करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, मामले में शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई की गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, विपक्षी दलों के सांसदों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन आयोग के कार्यालय ‘निर्वाचन सदन’ तक मार्च निकालने की योजना बनाई थी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस मार्च के लिए आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी।पुलिस ने निर्वाचन आयोग के कार्यालय के पास प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद विपक्षी सांसदों और नेताओं ने वहीं धरना शुरू कर दिया। इसी दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कुछ अन्य नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और वहां विरोध-प्रदर्शन किया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों से आकाशवाणी भवन परिसर खाली करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने वहां से जाने से इनकार कर दिया। प्रदर्शनकारी नेताओं का कहना था कि जब तक उनके सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मिलने का समय नहीं दिया जाता, वे वहां से नहीं हटेंगे।
इसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई की और राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को परिसर से हटाकर हिरासत में लिया गया।पुलिस के अनुसार, मंगलवार के प्रदर्शन के दौरान करीब 260 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनमें 10 सांसद भी शामिल थे। बाद में हिरासत में लिए गए नेताओं और अन्य लोगों को न्यू पुलिस लाइंस, किंग्सवे कैंप ले जाया गया, जहां उन्हें रिहा कर दिया गया।
किन धाराओं में FIR दर्ज हुई?
दिल्ली पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। हालांकि, फिलहाल एफआईआर में किन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले से जुड़ी और जानकारी सामने आएगी।
SIR को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन
विपक्षी दलों का यह प्रदर्शन मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे को लेकर था। विपक्ष की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की जा रही है।अब आकाशवाणी भवन परिसर में कथित अनधिकृत प्रवेश और प्रदर्शन को लेकर दर्ज हुई एफआईआर के बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।










