बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही शनिवार, 20 दिसंबर को मुंबई में एक गंभीर सड़क हादसे का शिकार हो गईं। गनीमत रही कि इस एक्सीडेंट में उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद नोरा ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपनी हालत की जानकारी दी और नशे में गाड़ी चलाने के खिलाफ कड़ा संदेश दिया।
इंस्टाग्राम पर साझा किया दर्द
नोरा फतेही ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बताया कि हादसा इतना भयावह था कि उन्हें अपनी जिंदगी आंखों के सामने से गुजरती हुई महसूस हुई। उन्होंने कहा कि वह अब भी सदमे में हैं।नोरा ने कहा कि “दोस्तों, मैं आप सभी को बताना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं। आज दोपहर मेरा बहुत ही गंभीर कार एक्सीडेंट हुआ। नशे में गाड़ी चला रहे एक व्यक्ति ने मेरी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मैं कार के अंदर उछल गई और मेरा सिर खिड़की से टकरा गया।”
अस्पताल में कराया गया CT स्कैन
हादसे के तुरंत बाद नोरा को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सीटी स्कैन कर आंतरिक चोट या दिमागी ब्लीडिंग की संभावना को खारिज किया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें हल्का झटका, सूजन और मामूली सिर की चोट आई है और उनकी हालत स्थिर है।
नशे में ड्राइविंग पर दिया सख्त संदेश
नोरा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि“मुझे शराब या ड्रग्स जैसी कोई भी चीज पसंद नहीं है जो इंसान को मानसिक रूप से प्रभावित करे। शराब पीकर गाड़ी चलाना बेहद खतरनाक है। यह 2025 है और मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि हमें आज भी इस पर बात करनी पड़ रही है।”उन्होंने आगे कहा कि वह शुक्रगुजार हैं कि जिंदा और सुरक्षित हैं, लेकिन ऐसा अनुभव किसी के साथ नहीं होना चाहिए।

आरोपी ड्राइवर हिरासत में
मुंबई पुलिस के मुताबिक, नोरा की कार को टक्कर मारने वाला ड्राइवर नशे की हालत में था। आरोपी के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और शराब पीकर ड्राइविंग से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
सनबर्न फेस्टिवल में पहुंचीं नोरा
हैरानी की बात यह रही कि एक्सीडेंट के कुछ घंटों बाद ही नोरा फतेही ने काम पर लौटने का फैसला किया और सनबर्न फेस्टिवल 2025 में शामिल हुईं। यह तीन दिवसीय म्यूजिक फेस्टिवल इस साल गोवा के बजाय मुंबई में आयोजित किया जा रहा है, जिसका समापन 21 दिसंबर को होगा।