लाफ्टर क्वीन BHARTI SINGH बनीं दूसरी बार मां,41 साल की उम्र में दिया बेटे को जन्म, घर में गूंजी किलकारियां

इंडियन टेलीविजन की मशहूर कॉमेडियन और ‘लाफ्टर क्वीन’ के नाम से पहचान बनाने वाली भारती सिंह एक बार फिर मां बन गई हैं। 41 साल की उम्र में भारती ने 19 दिसंबर 2025 की सुबह अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया, जिसके बाद उनके और पति हर्ष लिम्बाचिया के घर खुशियों का माहौल है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स ने कपल को ढेरों बधाइयां देना शुरू कर दिया।

शूटिंग पर जाने से पहले हुआ वॉटर ब्रेक

रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारती सिंह को उसी दिन टीवी शो ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ की शूटिंग के लिए जाना था। सुबह शूट पर निकलने से ठीक पहले अचानक उनका वॉटर बैग फट गया, जिसके बाद परिवार ने बिना देर किए उन्हें इमरजेंसी में अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टर्स की देखरेख में भारती ने बेटे को जन्म दिया। मां और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।

बेटे के लिए रखा गया प्यारा सा निकनेम

खास बात यह है कि भारती ने अपने दूसरे बेटे के लिए एक बेहद प्यारा सा निकनेम ‘काजू’ रखा है। भारती ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि यह नाम उनके बड़े बेटे गोला (लक्ष्य) ने रखा है। जब पहली बार गोला ने अपने छोटे भाई को देखा, तो उसने उसे प्यार से ‘काजू’ कहकर पुकारा, जिसे सुनकर पूरा परिवार भावुक हो गया।

दूसरी बार भी प्रेग्नेंसी में काम करती रहीं भारती

पहली प्रेग्नेंसी की तरह दूसरी बार भी भारती सिंह ने लगातार काम जारी रखा। उन्होंने न सिर्फ शूटिंग की, बल्कि हाल ही में बेबी शॉवर और खूबसूरत मैटरनिटी फोटोशूट भी कराया। भारती ने खुद बताया था कि वजन कम करने के बाद उनकी हेल्थ बेहतर हुई, जिससे उन्हें नेचुरली कंसीव करने का कॉन्फिडेंस मिला।

बेटी की थी चाहत, फिर भी बेटे के जन्म से दोगुनी खुशी

भारती पहले से ही एक बेटे लक्ष्य की मां हैं। ऐसे में वह दूसरी बार बेटी की उम्मीद कर रही थीं। उन्होंने गणेश चतुर्थी के मौके पर बेटी की मन्नत मांगी थी और गणपति बप्पा को 1000 लड्डुओं का भोग भी लगाया था। हालांकि, इस बार भी बेटे का जन्म हुआ, लेकिन परिवार में इसको लेकर कोई मायूसी नहीं, बल्कि जश्न दोगुना हो गया है।

दूसरी प्रेग्नेंसी की घोषणा स्विट्जरलैंड ट्रिप से की थी

भारती ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की आधिकारिक घोषणा 6 अक्टूबर 2025 को की थी। उन्होंने स्विट्जरलैंड फैमिली ट्रिप के दौरान बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए एक प्यारी तस्वीर शेयर की थी, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी।

2009 में हुई थी पहली मुलाकात

भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया की पहली मुलाकात साल 2009 में ‘कॉमेडी सर्कस’ के सेट पर हुई थी। उस वक्त भारती कंटेस्टेंट थीं और हर्ष स्क्रिप्ट राइटर थे। शुरुआत में हर्ष को अनलकी माना जाता था, लेकिन वाइल्ड कार्ड एंट्री के बाद भारती ने शो जीत लिया। यहीं से दोनों की दोस्ती प्यार में बदली।करीब 8 साल तक डेट करने के बाद दोनों ने 3 दिसंबर 2017 को गोवा में शादी कर ली। अप्रैल 2022 में उनके पहले बेटे लक्ष्य का जन्म हुआ।

टीवी इंडस्ट्री का पावर कपल

भारती और हर्ष ने साथ मिलकर कई हिट टीवी शोज होस्ट किए हैं, जिनमें‘खतरा खतरा खतरा’, ‘हुनरबाज’ और ‘इंडियाज बेस्ट डांसर’ जैसे नाम शामिल हैं। दोनों को इंडस्ट्री का सबसे फनी और स्ट्रॉन्ग कपल माना जाता है।दूसरे बेटे के जन्म के बाद अब फैंस की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नन्हे मेहमान का असली नाम क्या होगा। फिलहाल ‘काजू’ नाम सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।

 

Exit mobile version