पाकिस्तान में क्वेटा-पेशावर की ओर जा रही जाफर एक्सप्रेस पर एक बार फिर हमला हुआ है। यह हमला सिबी जिले के नसीराबाद इलाके में हुआ, जहाँ बलूच विद्रोही समूह बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) ने ट्रेन को निशाना बनाते हुए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) से पटरी उड़ा दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कई बोगियां पटरी से उतर गई हैं और ट्रेन को गंभीर नुकसान पहुंचा है।इस हमले की जिम्मेदारी बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने सोशल मीडिया पर ली है। BRG के प्रवक्ता दोस्तैन बलूच ने कहा कि “बलूचिस्तान की स्वतंत्रता तक इस तरह के हमले जारी रहेंगे।”उन्होंने बताया कि उनके स्वतंत्रता सेनानियों ने रबी इलाके में IED लगाया और रिमोट कंट्रोल से इसे जाफर एक्सप्रेस पर सक्रिय किया।
रेल अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों ने शहीद अब्दुल अज़ीज़ बुल्लो इलाके में रेलवे ट्रैक पर बम लगाया था, लेकिन ट्रेन उस हिस्से से गुजरते ही बम फट गया। इस घटना में कोई यात्री या रेलवे कर्मचारी घायल नहीं हुआ।नसीराबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद अधिकारी और सुरक्षाकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। इलाके को घेर लिया गया है और क्षतिग्रस्त पटरी की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हथियारबंद हमलावरों ने दूर से ट्रेन पर चार रॉकेट दागे, लेकिन किसी डिब्बे को नुकसान नहीं पहुंचा।
जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान की सबसे ज्यादा निशाना बनाई जाने वाली यात्री ट्रेनों में से एक है। बलूचिस्तान में विद्रोही गतिविधियों के कारण यहां रेलवे सुरक्षा लगातार चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। BRG जैसे विद्रोही समूह समय-समय पर ट्रेन और सुरक्षा बलों पर हमले कर रहे हैं, जिससे यात्री सुरक्षा और रेलवे संचालन पर लगातार खतरा बना हुआ है।
