CANADA में फिर भारतीय की हत्या, 20 वर्षीय छात्र शिवांक अवस्थी को टोरंटो यूनिवर्सिटी के पास दिनदहाड़े मारी गोली,कैंपस सुरक्षा पर सवाल

कनाडा के टोरंटो शहर में एक बार फिर भारतीय नागरिक की हत्या से सनसनी फैल गई है। यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबोरो कैंपस के पास 20 वर्षीय भारतीय छात्र शिवांक अवस्थी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना मंगलवार, 23 दिसंबर को हाईलैंड क्रीक ट्रेल और ओल्ड किंग्स्टन रोड इलाके में हुई।

पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब 3:34 बजे एक आपात कॉल मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शिवांक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़े मिले। उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

PhD छात्र और चीयरलीडिंग टीम के सदस्य थे शिवांक

शिवांक अवस्थी यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबोरो कैंपस में जीवन विज्ञान (Life Sciences) के तीसरे वर्ष के छात्र थे और साथ ही विश्वविद्यालय की चीयरलीडिंग टीम के सक्रिय सदस्य भी थे।चीयरलीडिंग टीम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर लिखा कि हम अपने प्रिय शिवांक अवस्थी के अचानक निधन से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।

भारतीय दूतावास ने जताया गहरा शोक

टोरंटो स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास ने X (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में कहा कि यूनिवर्सिटी ऑफ टोरंटो के स्कारबोरो कैंपस के पास हुई घातक गोलीबारी में युवा भारतीय पीएचडी छात्र शिवांक अवस्थी की दुखद मृत्यु पर हम गहरा शोक व्यक्त करते हैं। इस कठिन समय में दूतावास शोक संतप्त परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रहा है।

कैंपस सुरक्षा पर उठे सवाल

रेडिट पर एक छात्र ने बताया कि शिवांक को कैंपस वैली के अंदर दिनदहाड़े गोली मारी गई, जो छात्रों द्वारा अक्सर इस्तेमाल किया जाने वाला इलाका है। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए कैंपस को बंद भी किया गया। इस वारदात ने विश्वविद्यालय परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

टोरंटो का 41वां हत्याकांड

पुलिस के अनुसार, यह मामला 2025 में टोरंटो का 41वां हत्याकांड है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जनता से मदद मांगी है।
गौरतलब है कि इससे एक सप्ताह पहले ही टोरंटो में 30 वर्षीय भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने टोरंटो निवासी अब्दुल गफूरी के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का वारंट जारी किया है। पुलिस के मुताबिक यह मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा हो सकता है।भारतीय दूतावास उस मामले में भी परिवार की सहायता कर रहा है।

 

Exit mobile version