कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज शहर में स्थित एक सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को भीषण गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस दर्दनाक घटना में हमलावर समेत कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हाई अलर्ट जारी किया गया है।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के अनुसार, संदिग्ध हमलावर घटनास्थल पर ही मृत पाया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को गोली मार ली। हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले में कोई दूसरा व्यक्ति भी शामिल था।
छोटा शहर, बड़ी त्रासदी
यह गोलीबारी टम्बलर रिज नाम के छोटे शहर में हुई, जिसकी आबादी करीब 2,400 है। शहर के टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में कक्षा 7 से 12 तक के लगभग 175 छात्र पढ़ते हैं। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके को घेर लिया गय
।
स्कूल बंद, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद पीस रिवर साउथ स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल और टम्बलर रिज एलीमेंट्री स्कूल को तत्काल बंद कर दिया है। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
लोगों से घरों में रहने की अपील
पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों से अपने घरों में रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। आसपास के इलाकों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स को भी बुलाया गया है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
पीस रिवर साउथ क्षेत्र के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि घटना के बाद पुलिस और मेडिकल टीमों को तुरंत भेजा गया है। उन्होंने सुरक्षा कारणों से अधिक जानकारी देने से इनकार किया, लेकिन लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और पुलिस को अपना काम करने दें।
उन्होंने कहा कि जो लोग अपने परिजनों को ढूंढ रहे हैं, वे सुरक्षित रूप से घर लौटें और धैर्य बनाए रखें। प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में लाने की पूरी कोशिश कर रहा है।
इस घटना के बाद पूरे कनाडा में शोक और चिंता का माहौल है। सरकार और सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।