BRAZIL के बीच पर क्रैश हुआ छोटा विमान, समुद्र में गिरा प्लेन,पायलट की मौत

ब्राजील के मशहूर कोपाकबाना बीच के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। विज्ञापन बैनर खींच रहा एक अल्ट्रालाइट विमान अचानक समुद्र में जा गिरा, जिसमें पायलट की मौके पर ही मौत हो गई।स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक यह हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे (GMT 15:30) हुआ। विमान नाक के बल समुद्र में गिरा, जिसकी पूरी घटना पास लगे सुरक्षा कैमरों में कैद हो गई। हादसे के बाद पायलट का शव बरामद कर लिया गया है और पहचान के लिए मेडिकल परीक्षक के पास भेजा गया है। फिलहाल किसी अन्य यात्री या पीड़ित की पुष्टि नहीं हुई है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे के तुरंत बाद अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।रेस्क्यू ऑपरेशन में जेट स्की, इन्फ्लेटेबल बोट व गोताखोर और हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जा रहा है। संभावित मलबे और किसी अन्य पीड़ित की तलाश के लिए सोनार उपकरणों की भी मदद ली जा रही है।

विमान और जांच

दुर्घटनाग्रस्त विमान एक विज्ञापन कंपनी का सेसना 170A मॉडल बताया जा रहा है।ब्राजीलियाई वायु सेना ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

न्यू ईयर से पहले बढ़ी दहशत

यह हादसा न्यू ईयर सेलिब्रेशन से ठीक पहले हुआ, जब कोपाकबाना बीच पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान गिरते समय तेज धमाके जैसी आवाज आई और बैनर भी समुद्र में गिर गया, जिससे बीच पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

 

Exit mobile version