PUNJAB में रातभर चला पुलिस का सर्च ऑपरेशन, अखबार सप्लाई हुई लेट, ड्रग्स इनपुट के बाद पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई

पंजाब में रात पुलिस ने एक विशेष अभियान चलाते हुए अखबार लेकर जा रहीं गाड़ियों की व्यापक चेकिंग की। यह तलाशी अभियान रात करीब 10 बजे शुरू होकर सुबह तक जारी रहा। पुलिस के इस अभियान की वजह से राज्य के कई जिलों में अखबारों की सप्लाई ठप हो गई और लोगों को  सुबह समय पर अखबार नहीं मिल पाए।सूत्रों के अनुसार, पंजाब पुलिस को ड्रग्स और हथियारों की तस्करी से जुड़ा एक इनपुट मिला था, जिसके बाद राज्यभर में एहतियाती कदम के रूप में पुलिस ने सभी प्रमुख अखबार वितरण वाहनों की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि यह चेकिंग लगभग सभी जिलों में एक साथ की गई। कई जगहों पर डॉग स्क्वॉड टीम को भी बुलाया गया, जबकि कुछ वाहनों को थानों के अंदर ले जाकर तलाशी ली गई।

हालांकि, इस पूरे अभियान को लेकर पंजाब पुलिस के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन इस कार्रवाई का असर राज्य के लगभग हर जिले में देखने को मिला, जहां अखबार वितरण का सामान्य समय पूरी तरह गड़बड़ा गया।रातभर चले इस अभियान की वजह से लुधियाना, अमृतसर, मोगा, फरीदकोट, कोटकपूरा, पठानकोट, फाजिल्का, अबोहर, बरनाला जैसे प्रमुख जिलों में अखबार वितरण बाधित रहा।अखबार हॉकर और डिस्ट्रीब्यूटर इस स्थिति में बहुक परेशान दिखाई दे। कई जगहों पर अखबार बांटने वाली गाड़ियां पुलिस नाकों पर घंटों रुकी रहीं, जिससे पूरा वितरण तंत्र प्रभावित हो गया।

ड्रग्स इनपुट के बाद अलर्ट पर पुलिस

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई एक खुफिया इनपुट के बाद की गई, जिसमें कहा गया था कि नशे और हथियारों की एक खेप अखबार की गाड़ियों के जरिए ट्रांसपोर्ट की जा सकती है। इसके बाद राज्यभर में रातोंरात कड़ी निगरानी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। हालांकि, अखबार वितरण एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूटरों ने इसे लेकर असंतोष जताया है। उनका कहना है कि पुलिस को जांच करनी चाहिए, लेकिन ऐसे में पूरे वितरण नेटवर्क को रोक देना पत्रकारिता और आम जनता दोनों के लिए नुकसानदायक है।

 

 

Exit mobile version