लुधियाना के प्रसिद्ध वेरका मिल्क प्लांट में गुरुवार देर रात एक भयानक हादसा हुआ। प्लांट के एयर हीटर सेक्शन में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिससे अफरा-तफरी मच गई। धमाके में एक कर्मचारी की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत DMC अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने घायल कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई है। मृतक की पहचान कुनाल जैन के रूप में हुई है, जो हैबोवाल का निवासी बताया जा रहा है। म़ृतक की उम्र 42 साल थी। मृतक की पत्नी भी इसी प्लांट में काम करती हैं।घायलों में कलुवंत सिंह, अजीत सिंह, पुनीत कुमार, दविंदर सिंह और गुरतेज शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में एयर हीटर में तकनीकी खराबी के कारण ब्लास्ट हुआ।
वेरका मिल्क प्लांट के कर्मचारी सुधीर जैन ने बताया कि घटना के समय कुनाल जैन अपने दोस्तों के साथ एक बर्थडे पार्टी में थे। अचानक उन्हें प्लांट में बुलाया गया और कहा गया कि एयर हीटर का ट्रायल करना है। इसी दौरान यह धमाका हो गया।प्लांट प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी, और थाना सराभा नगर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ब्लास्ट स्थल को सील कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। प्रशासन ने हादसे की पूरी जांच का आदेश दे दिया है। शुरुआती जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की संभावना भी जताई जा रही है।
इस हादसे के बाद वेरका मिल्क प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच डर और दहशत का माहौल है। पुलिस और प्रशासन घायलों की देखभाल के साथ-साथ हादसे की जांच में जुटे हुए हैं।