MADHYA PRADESH के सिवनी में बड़ा विमान हादसा टला, ट्रेनी प्लेन हाई-टेंशन लाइन से टकराया,दो पायलट घायल, 90 गांवों की बिजली गुल

मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। सुकतरा हवाई पट्टी से उड़ान भरने वाला रेड बर्ड एविएशन कंपनी का ट्रेनी विमान 33 केवी हाई-टेंशन लाइन से टकराकर खेत में क्रैश हो गया। हादसा आमगांव इलाके में हुआ।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जांच के अनुसार, लैंडिंग की तैयारी के दौरान विमान बादलपार सब स्टेशन की हाई-टेंशन लाइन के निचले हिस्से से टकराया।टक्कर होते ही जोरदार धमाका हुआ और बिजली तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। इसके बाद विमान नियंत्रण खोकर पास के खेत में जा गिरा।विमान में ट्रेनर पायलट अजित एंथोनी और ट्रेनी पायलट अशोक छावड़ा सवार थे।दोनों को चोटें आईं, लेकिन अस्पताल में भर्ती के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

 90 गांवों की बिजली गुल

33 केवी लाइन टूटने से बादलपार और ग्वारी सब स्टेशन के करीब 90 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।विद्युत वितरण कंपनी के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर सुभाष राय के अनुसार, लाइन की मरम्मत का काम जारी है।धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली विभाग को सूचना दी।इन्हीं ग्रामीणों ने दोनों घायल पायलटों को अस्पताल पहुंचाया। उनकी समझदारी से बड़ा हादसा टल गया।कुरई टीआई कृपाल सिंह तेकाम के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि विमान के इंजन में पावर जनरेट नहीं हो रहा था, जिसके चलते पायलट ने खेत में इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी की थी। इसी दौरान विमान तार से टकराया।

कंपनी पर पहले भी लगे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेड बर्ड एविएशन कंपनी सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही है।इसी साल मई में भी रनवे पर विमान फिसलने और पलटने जैसी दो दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बाद कंपनी पर लापरवाही के आरोप लगे थे।

सिवनी एसपी ने बताया कि पुलिस व स्थानीय लोगों ने समय रहते दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू टीम और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

 

 

Exit mobile version