उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में सोमवार देर रात फुलवरिया बाईपास पर एक निजी बस और ट्रक की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 3 लोगों की जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 24 यात्री गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से 6 की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बचाव टीमों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, यह दर्दनाक घटना रात करीब 2:30 बजे हुई।सुनौली बॉर्डर से दिल्ली जा रही बस UP 22 AT 0245, फुलवरिया चौराहे से गोंडा की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान फुलवरिया ओवरब्रिज की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक UP 21 DT 5237 बस से सीधे भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क पर लगभग 100 मीटर तक घिसटती चली गई, सड़क किनारे लगे हाईटेंशन लाइन के खंभे से जाकर टकरा गई,खंभा टूटकर बस पर गिर गया, और बस में करंट फैलने से शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई।कुछ ही सेकंड में पूरी बस आग का गोला बन गई और यात्री अंदर ही फंस गए।
टक्कर के बाद ट्रक भी पलट गया।ट्रक में गर्म कपड़े (winter garments) भरे थे, जिससे उसमें भी आग लग गई और आग तेजी से फैल गई। जब पुलिस ने ट्रक को सीधा किया, तो नीचे से एक बुरी तरह जला हुआ शव मिला। माना जा रहा है कि यह ट्रक में बैठे व्यक्ति का ही शव है।बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश नेपाल के नागरिक थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद बस में निकलने का कोई रास्ता नहीं था। कई यात्री खिड़कियों और शीशों को तोड़कर बाहर कूदे, जबकि कुछ अंदर ही फंस गए।
कुछ ही मिनटों में बस के चारों ओर आग फैल गई,हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से कई लोगों को करंट भी लगा,यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग और राहगीर मदद के लिए दौड़े।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस,यातायात पुलिस व दमकल विभाग और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।घायलों को पहले जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायल 6 लोगों को बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने राहत कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश दिए, अस्पताल जाकर घायलों की स्थिति जानी और डॉक्टरों को तत्काल बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के आदेश दिए।पुलिस ने बताया कि जांच जारी है।पुलिस यह पता जुटाने मं लग गई है कि ट्रक किस गति से चल रहा था,चालक नशे में था या नहीं,बस में सुरक्षा इंतजाम कैसे थे और हाईटेंशन लाइन का खंभा कैसे गिरा।इन सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। बस चालक और कंडक्टर का अभी तक कोई पता नहीं चला है।