उत्तर प्रदेश के कानपुर में सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब दिल्ली से वाराणसी जा रही पलक ट्रैवल्स की लग्जरी डबल-डेकर स्लीपर बस अचानक आग का गोला बन गई। नेशनल हाईवे-19 पर रामादेवी फ्लाईओवर के पास चलती बस में आग लगते ही करीब 40 से अधिक यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए सभी यात्रियों की जान बचा ली, वरना हादसा बड़ा रूप ले सकता था।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 10:45 बजे बस रामादेवी फ्लाईओवर पर पहुंची ही थी कि ऊपरी डेक पर रखे भारी-भरकम सामान से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही सेकंड में आग ने विकराल रूप ले लिया। उस समय अधिकतर यात्री सो रहे थे या सीटों पर आराम कर रहे थे। आग देखते ही ड्राइवर-कंडक्टर ने शोर मचाया, लेकिन तब तक लपटें बस की छत और चारों तरफ फैलने लगी थीं।
जब बस में आग तेजी से फैलने लगी, तो कई यात्रियों ने घबराहट में खिड़कियों और दरवाजों से चलती बस से छलांग लगा दी। कुछ यात्री सड़क पर गिरकर लुढ़कते हुए दूर तक जाते दिखे, लेकिन उनकी जान बच गई।ऊपरी बर्थ में फंसे महिलाएं और बच्चे बाहर नहीं निकल पा रहे थे। उनके चीख-पुकार से माहौल भयावह हो गया।
रामादेवी चौराहे पर ड्यूटी पर मौजूद दो यातायात पुलिसकर्मियों ने जैसे ही जलती हुई बस देखी, वे बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे। दोनों सिपाही बिना अपनी जान की परवाह किए आग की लपटों के बीच बस के अंदर चढ़ गए।महिलाएं और बच्चे सामान उठाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने जोर से चिल्लाते हुए कहा कि“सामान छोड़ो, जान बचाओ! आग तेजी से बढ़ रही है!”इसके बाद दोनों कॉन्स्टेबलों ने एक-एक कर यात्रियों को खींचकर बाहर निकाला। करीब आधा दर्जन फंसे लोगों को उन्होंने सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिसकर्मियों का कहना था कि “अगर हम 2 मिनट भी देर से पहुंचते, तो 4–5 लोगों की मौत निश्चित थी।”
दमकल विभाग के CFO ने बताया कि आग बढ़ती देखकर तुरंत 6 फायर टेंडर रवाना किए गए। हाईवे पर 10 किलोमीटर लंबा जाम होने के कारण दमकल की गाड़ियों को पहुंचने में समय लगा।करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बस का ढांचा ही बचा था। यात्रियों का लाखों का सामान, कैश, दस्तावेज सब जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और दमकल कर्मियों का कहना है कि बस की छत पर खतरनाक सामान और ओवरलोडिंग की वजह से आग तेजी से फैली।पुलिस ने बताया कि आग के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है।साथ ही, दो पुलिसकर्मियों की साहसिक कार्रवाई ने साबित कर दिया कि समय पर दिखाया गया साहस सैकड़ों जिंदगियाँ बचा सकता है।
