JAIPUR: मनोहरपुर में हाईटेंशन लाइन से टकराई मजदूरों से भरी बस, 2 लोगों की मौत,10 से अधिक लोग झुलसे ,देश में 15दिन में 5वां बड़ा बस हादसा

जयपुर ग्रामीण के मनोहरपुर क्षेत्र में एक भयानक हादसा हुआ है, जिसमें मजदूरों से भरी बस हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गई। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई और करीब 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए।जानकारी के अनुसार, यह घटना मनोहरपुर थाना क्षेत्र के टोड़ी गांव के पास हुई। हादसे के समय बस UP से टोडी स्थित ईंट भट्टे पर मजदूरों को लेकर जा रही थी। बस ऊपरी इलाके से गुजर रही थी, तभी अचानक 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के तार से टकरा गई। टकराने के तुरंत बाद बस में करंट दौड़ गया और स्पार्किंग के कारण आग लग गई।हादसे की भयावहता का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि बस में बैठे मजदूरों ने चीख-पुकार शुरू कर दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और वाहन चालक तुरंत मदद के लिए दौड़े।देश में 15 दिनों में 5वां बड़ा बस हादसा है।

घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया

हादसे की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी शाहपुरा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान गंभीर रूप से झुलसे 5 मजदूरों को तुरंत जयपुर रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस और दमकलकर्मियों ने मिलकर आग पर काबू पाया और बचाव कार्य को अंजाम दिया।मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि बस में करीब एक दर्जन मजदूर सवार थे और उनमें से कई गंभीर रूप से झुलस गए हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।हादसे की सूचना मिलते ही जयपुर के अस्पतालों में डाक्टरों की टीम को अलर्ट पर रखा गया।

हादसा मजदूरों के लिए लेकर आया भारी नुकसान

जानकारी के अनुसार, बस टोडी स्थित ईंट भट्टे पर काम करने वाले मजदूरों को लेकर जा रही थी। राजस्थान में पिछले 15 दिनों में यह देश में पांचवां बड़ा हादसा है, जो सड़क सुरक्षा और मजदूरों के परिवहन के मुद्दे को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।मनोहरपुर के स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि हादसे के बाद अफवाहों पर ध्यान न दें और घायलों की मदद और जांच में प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही, हाईटेंशन लाइन के पास वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की चेतावनी भी जारी की गई है।

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने जताया दुख
जयपुर के मनोहरपुर में श्रमिकों से भरी बस के हाईटेंशन लाइन छूने से आग लगने से 2 व्यक्तियों की मृत्यु एवं कई अन्य के घायल होने का समाचार दुखद है। राजस्थान में जिस प्रकार से आए दिन हादसे होने से आम जन अपनी जान गंवा रहे हैं यह चिंताजनक है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

प्रशासनिक कदम और भविष्य की सुरक्षा

मनोहरपुर थाना पुलिस और प्रशासन इस मामले की पूरी तरह जांच कर रहे हैं। हादसे के दौरान बस चालक और अन्य कर्मचारियों के बयान लिए जा रहे हैं। अधिकारी मजदूरों की सुरक्षा के लिए परिवहन और सड़क सुरक्षा मानकों की समीक्षा करेंगे ताकि भविष्य में इस प्रकार के हादसे को रोका जा सके।

 

Exit mobile version