राजस्थान के बारां जिले में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला कलेक्टर के आधिकारिक ईमेल आईडी पर कलेक्ट्रेट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही एहतियातन पूरे जिला कलेक्ट्रेट और मिनी सचिवालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया।प्रशासन ने सभी कार्यालयों से कर्मचारियों और मौजूद आम नागरिकों को बाहर निकाल दिया। सुरक्षा कारणों से परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी गई और बैरिकेडिंग कर दी गई। जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

धमकी मिलने के बाद एफएसएल, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीमें बुलाकर कलेक्ट्रेट परिसर की गहन तलाशी शुरू की गई। एंटी-सबोटाज चेकिंग के तहत हर हिस्से की बारीकी से जांच की गई। फिलहाल तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर जांच जारी है।एएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि कलेक्ट्रेट की एनआईसी मेल आईडी पर धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। सुरक्षा मानकों के अनुसार तुरंत कार्रवाई करते हुए परिसर खाली कराया गया और सभी एजेंसियों को अलर्ट किया गया। कर्मचारियों को अगली सूचना तक कार्यालय नहीं आने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी मिल चुकी है धमकी
गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी साल 14 मई को बारां कलेक्ट्रेट को इसी तरह का धमकी भरा ईमेल मिला था। उस समय भी जिला कलेक्टर के आधिकारिक ईमेल पर सुबह करीब 6 बजे मेल आया था, जिसके बाद पूरे मिनी सचिवालय को खाली कराकर तलाशी ली गई थी।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन धमकी देने वाले की पहचान के लिए ईमेल की तकनीकी जांच कर रहे हैं और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।










