पश्चिम एशिया संकट: पीएम मोदी ने कुवैत क्राउन प्रिंस से की बात, होर्मुज जलडमरूमध्य और शांति पर चर्चा

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुवैत के क्राउन प्रिंस शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत में पीएम मोदी ने कुवैत पर हुए हालिया हमलों की कड़ी निंदा की और क्षेत्र में शांति बनाए रखने पर जोर दिया।

दोनों नेताओं ने होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित और निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा की। पीएम मोदी ने कहा कि भारत के लिए क्षेत्रीय शांति और स्थिरता बनाए रखना बेहद जरूरी है और इसके लिए निरंतर राजनयिक संपर्क आवश्यक है।

भारतीय समुदाय की सुरक्षा और कल्याण

प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत में रहने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए क्राउन प्रिंस के समर्थन की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा अपने नागरिकों के हितों और सुरक्षा को प्राथमिकता देता है।

पहले यूएई के राष्ट्रपति से हुई थी बात

इसके पहले, पीएम मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल-नहयान से भी फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान उन्होंने वहां हुए हमलों की निंदा की और निर्दोष लोगों की मौत और नागरिक ढांचे को हुए नुकसान पर चिंता जताई। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर भी चर्चा की।

पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ रहा है और भारत अपने नागरिकों की सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता के लिए लगातार कदम उठा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने कुवैत और यूएई के नेताओं के साथ सहयोग और संवाद को जारी रखने का भरोसा जताया।

 

Exit mobile version