जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) के अंतर्गत एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण अभियान को सुचारू एवं समयबद्ध रूप से पूरा करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती कोमल मित्तल ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्र एस.ए.एस. नगर के बढ़ माजरा क्षेत्र स्थित मतदान केंद्र संख्या 8, 9, 10, 11, 12, 16 एवं 21 का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद कर कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण एवं संग्रहण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। उन्होंने कार्य में पारदर्शिता और जिम्मेदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि यह अभियान लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रशासन द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिसमें कई मतदान केंद्रों पर 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभागों के सहयोग से यह अभियान निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसी प्रकार खरड़ के 8, एस.ए.एस. नगर के 6 तथा डेराबस्सी के 10 मतदान केंद्रों पर 80 से 90 प्रतिशत वितरण पूरा हो चुका है। वहीं खरड़ के 10, एस.ए.एस. नगर के 2 तथा डेराबस्सी के 9 मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्मों का वितरण पूरा किया जा चुका है। श्रीमती कोमल मित्तल ने विश्वास व्यक्त किया कि बूथ लेवल अधिकारियों, राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) तथा मतदाताओं के सहयोग से जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली जाएगी।











