आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बिहार पुलिस के दारोगा और कैदी समेत 6 की मौत, 22 घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बिहार पुलिस के दारोगा और कैदी समेत 6 की मौत, 22 घायल

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक स्लीपर बस तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बिहार पुलिस के एक दारोगा, एक कैदी समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

चालक को आई झपकी, डिवाइडर से टकराकर पलटी बस

जानकारी के मुताबिक, श्री सरोज ट्रैवल्स की स्लीपर बस में करीब 45 यात्री सवार थे। सुबह लगभग 6 बजे उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में निंभाखेड़ा गांव के पास बस चालक को अचानक झपकी आ गई। इसी दौरान करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही बस अंडरपास की पुलिया के कंक्रीट डिवाइडर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस बाईं ओर बने एल्यूमिनियम गार्ड को तोड़ते हुए भारी वाहन लेन में पलट गई। हादसे के वक्त ज्यादातर यात्री गहरी नींद में थे, जिससे कई लोग सीटों से उछलकर एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे।

मौके पर मची चीख-पुकार

बस पलटते ही घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के करीब 10 मिनट बाद यूपीडा और औरास पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

डॉक्टरों ने बिहार के सिवान निवासी दारोगा रविचरण और हरियाणा निवासी कैदी छत्रपाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।

दिल्ली से लौट रहे थे दारोगा और कैदी

पुलिस के अनुसार, बिहार पुलिस के दारोगा कैदी को बयान दर्ज कराने दिल्ली लेकर गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।

हादसे में गोरखपुर निवासी सुरेश जायसवाल, विजेशी गुप्ता और विजय कुमार की भी मौत हो गई, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

एक घंटे तक प्रभावित रहा ट्रैफिक

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की भारी और हल्के वाहनों की लेन करीब एक घंटे तक बंद रही। यूपीडा ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर रास्ता साफ कराया। इस दौरान वाहन ओवरटेकिंग लेन से निकाले गए।

सूचना मिलते ही डीएम घनश्याम मीना और एसपी जयप्रकाश सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल 21 यात्रियों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान

  1. रविचरण — दारोगा, निवासी सिवान, बिहार
  2. सुरेश कुमार जायसवाल — निवासी गोरखपुर
  3. विजेशी गुप्ता — निवासी गोरखपुर
  4. विजय कुमार — निवासी बस्ती
  5. छत्रपाल तोमर — निवासी हरियाणा
  6. एक अज्ञात व्यक्ति

जांच में जुटी पुलिस

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह चालक को आई नींद मानी जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version