कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में सोमवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। शाम करीब 7 बजे के बाद, शहर के व्यस्त हाईवे 50 पर 59वीं स्ट्रीट के पास अचानक आसमान से एक तेज़ आवाज़ सुनाई दी और इसके साथ ही आग की लपटें दिखाई देने लगीं। कुछ ही पल में साफ हो गया कि यह कोई साधारण घटना नहीं थी, बल्कि एक एयर मेडिकल हेलीकॉप्टर भयानक दुर्घटना का शिकार हो गया है। यह हेलीकॉप्टर REACH एयर मेडिकल सर्विस का था, जो किसी आपातकालीन मिशन पर था। दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि हाइवे पर लोगों में चीख-पुकार मच गई और पूरा इलाका आपातकालीन सायरनों की आवाज़ों से गूंज उठा।

कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल (CHP) और सैक्रामेंटो फायर डिपार्टमेंट की टीमें कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गईं। वहां धू-धू कर जलते मलबे के बीच से पायलट और अन्य सवारों को निकालने के लिए एक जटिल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सैक्रामेंटो फायर डिपार्टमेंट ने पुष्टि की है कि इस हादसे में कम से कम तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
पूरा हाइवे बंद, शहर में जाम का आलम
हादसे के बाद ईस्टबाउंड हाईवे 50 को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे फिलहाल इस रूट का इस्तेमाल न करें।हाइवे पर लगा लंबा जाम इस बात की गंभीरता का बयान कर रहा था।इस हादसे ने पूरे सैक्रामेंटो को झकझोर कर रख दिया है। आसपास के निवासी और राहगीर अभी भी सदमे में हैं। प्रशासन ने कहा है कि जब तक मलबा पूरी तरह से हटाया नही जाता तब तक यह रूट को खोला नही जाएगा।