MEXICO में बड़ा विमान हादसा, इमरजेंसी लैंडिंग के दौरान प्राइवेट जेट हुआ क्रैश, 7 लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य लगातार जारी

मध्य मैक्सिको के सैन माटेओ एटेंको इलाके में इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश कर रहा एक छोटा निजी विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है। विमान के टकराते ही इलाके में आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, यह प्राइवेट जेट अकापुल्को से उड़ान भरकर टोलुका एयरपोर्ट जा रहा था। दुर्घटना स्थल टोलुका एयरपोर्ट से लगभग 5 किलोमीटर और मेक्सिको सिटी से करीब 50 किलोमीटर पश्चिम में स्थित एक इंडस्ट्रियल एरिया है।

बिजनेस बिल्डिंग की छत से टकराया विमान

मैक्सिको स्टेट सिविल प्रोटेक्शन समन्वयक एड्रियन हर्नांडेज़ ने बताया कि विमान में आठ यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे। शुरुआती जांच के अनुसार, पायलट तकनीकी कारणों के चलते विमान को एक फुटबॉल मैदान पर उतारने की कोशिश कर रहा था, लेकिन विमान पास में स्थित एक बिजनेस बिल्डिंग की मेटल छत से टकरा गया। टक्कर के बाद विमान में भीषण आग लग गई।

अब तक सात शव बरामद

अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब तक सात शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तलाशी और बचाव अभियान कुछ समय तक जारी रहा। हादसे के कई घंटे बाद तक सभी यात्रियों का पूरा पता नहीं चल पाया था।

130 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

सैन माटेओ एटेंको की मेयर आना मुनिज ने स्थानीय मीडिया को बताया कि आग की गंभीरता को देखते हुए करीब 130 लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। दमकल विभाग, एंबुलेंस और राहत दलों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

हादसे की जांच जारी

प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि विमान को इमरजेंसी लैंडिंग की जरूरत तकनीकी खराबी, मौसम या मानवीय चूक की वजह से पड़ी। जांच पूरी होने के बाद मृतकों की पहचान और हादसे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

Exit mobile version