BREAKING

Australia

AUSTRALIA में समुद्र किनारे त्योहार मना रहे यहूदियों पर की फायरिंग, 12 लोगों की मौत और 60 से अधिक लोग घायल,ऑस्ट्रेलियन PM अल्बनीज ने हादसे पर जताया दुख

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित बॉन्डी बीच पर रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हनुक्का त्योहार मना रहे यहूदी समुदाय को निशाना बनाकर दो हथियारबंद हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस भीषण हमले में एक हमलावर समेत 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।घटना के बाद न्यू साउथ वेल्स पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों हमलावरों को गोली मारी। पुलिस के मुताबिक, एक हमलावर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

“हनुक्का बाय द सी” कार्यक्रम बना निशाना

यह हमला बॉन्डी बीच पर आयोजित “हनुक्का बाय द सी” नामक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान हुआ, जिसमें यहूदी समुदाय के करीब 2,000 लोग पहले दीये के प्रज्वलन के लिए एकत्र हुए थे। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में चाबाद के प्रतिनिधि रब्बी एली श्लैंगर समेत कई लोगों की जान चली गई।घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें नॉर्थ बॉन्डी बीच पर बिखरी लाशें, भागते-दौड़ते लोग और भारी पुलिस बल देखा जा सकता है। चश्मदीदों के मुताबिक, करीब 50 गोलियों की आवाजें सुनी गईं।

आम नागरिक की बहादुरी

फायरिंग के दौरान एक आम नागरिक ने अद्भुत साहस दिखाते हुए हथियारबंद हमलावर पर झपट्टा मारकर उससे राइफल छीन ली। वायरल वीडियो में सफेद शर्ट और काली पैंट पहना यह व्यक्ति अपनी जान जोखिम में डालकर हमलावर को काबू में करता दिख रहा है। पुलिस का मानना है कि उसकी बहादुरी से कई लोगों की जान बच गई।

हमलावर की पहचान

पुलिस ने एक हमलावर की पहचान 24 वर्षीय नवीद अकरम के रूप में की है। घटनास्थल से उसका ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे की साजिश और संभावित आतंकी एंगल की जांच कर रही हैं।

माइकल वॉन बाल-बाल बचे

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर माइकल वॉन भी इस हमले के दौरान बॉन्डी बीच पर मौजूद थे। उन्होंने एक रेस्टोरेंट में छिपकर अपनी जान बचाई। वॉन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,“बॉन्डी में रेस्टोरेंट के अंदर बंद रहना बेहद डरावना था। अब मैं सुरक्षित घर पहुंच गया हूं। इमरजेंसी स्टाफ को सलाम।”

प्रधानमंत्री ने बताया भयावह हमला

प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने घटना को “बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला” बताया। उन्होंने कहा कि पुलिस और आपातकालीन सेवाएं लगातार लोगों की जान बचाने में जुटी हैं।

सुरक्षा अलर्ट, कार्यक्रम रद्द

घटना के बाद बॉन्डी बीच और आसपास के इलाकों में एक्सक्लूजन जोन लागू कर दिया गया है। मेलबर्न में होने वाला हनुक्का फेस्टिवल रद्द कर दिया गया है। यहूदी बोर्ड ऑफ डेप्युटीज ने समुदाय से घरों में ही रहने और सभी कार्यक्रम स्थगित करने की अपील की है।यह घटना ऑस्ट्रेलिया में करीब 30 साल बाद सबसे बड़ी मास शूटिंग मानी जा रही है। इससे पहले 1996 में पोर्ट आर्थर नरसंहार हुआ था, जिसके बाद देश में सख्त गन कंट्रोल कानून लागू किए गए थे।

ऑस्ट्रेलिया में यहूदी समुदाय

2021 की जनगणना के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया में करीब 1 लाख यहूदी नागरिक रहते हैं, जिनका सबसे बड़ा समुदाय सिडनी और मेलबर्न में है। इस साल हनुक्का 14 दिसंबर से शुरू हुआ है, जो रोशनी और आस्था का पर्व माना जाता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds