नाइजीरिया के बोर्नो राज्य की राजधानी मैडुगुरी में बुधवार (24 दिसंबर) शाम उस वक्त दहशत फैल गई, जब मगरिब की नमाज के दौरान एक मस्जिद में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में कम से कम 7 नमाजियों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि कई अन्य लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह विस्फोट शाम करीब 6 बजे गाम्बोरू मार्केट इलाके में स्थित एक मस्जिद में हुआ। धमाका इतना तेज था कि मस्जिद की दीवारें तक हिल गईं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मस्जिद के अंदर मचा हाहाकार
स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मस्जिद के अंदर चीख-पुकार मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
बम विस्फोट या आत्मघाती हमला?
मिलिशिया नेता बाबकुरा कोलो के मुताबिक शुरुआती जांच में यह संदिग्ध बम धमाका प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि विस्फोटक डिवाइस को पहले से ही मस्जिद के अंदर छिपाया गया था, ताकि नमाज के समय ज्यादा नुकसान पहुंचाया जा सके। हालांकि, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि यह आत्मघाती हमला भी हो सकता है। फिलहाल किसी भी सशस्त्र समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
सुरक्षा बढ़ाई गई, जांच जारी
घटना के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और जांच तेज कर दी गई है। स्थानीय प्रशासन ने अभी तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है, लेकिन पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बोको हरम का गढ़ रहा है मैडुगुरी
गौरतलब है कि मैडुगुरी लंबे समय से आतंकी संगठन बोको हरम और उसके सहयोगी गुट इस्लामिक स्टेट वेस्ट अफ्रीका प्रांत (ISWAP) की हिंसा का केंद्र रहा है।हालांकि, बीते कुछ वर्षों में शहर में कोई बड़ा आतंकी हमला नहीं हुआ था।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, 2009 से अब तक बोको हरम से जुड़ी हिंसा में 40,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं, जबकि करीब 20 लाख लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हुए हैं।
