अमेरिका और लैटिन अमेरिकी देश वेनेजुएला के बीच सैन्य तनाव बढ़ता जा रहा है। अमेरिका ने वेनेजुएला के आसपास जंगी जहाज तैनात किए हैं। इस पर वेनेजुएला की ओर से भी तेवर दिखाए गए हैं।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी सेना ने वेनजुएला के पास अंतरराष्ट्रीय जल क्षेत्र में ड्रग कार्टेल से जुड़ी शिप पर बड़ा हमला किया है। ये अमेरिका की ओर बढ़ रही थी, इसके जरिए ड्रग्स लाया जा रहा था। ट्रंप ने कहा कि इस हमले में 3 लोग मारे गए हैं। ये हमला उन्हीं के आदेश पर किया गया था। इस महीने अमेरिका की ओर से वेनेजुएला पर किया गया ये दूसरा बड़ा हमला है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘मेरे आदेश पर अमेरिकी सैन्य बलों ने साउथकॉम के जिम्मेदारी वाले क्षेत्र में ड्रग तस्करी कार्टेल और नार्कोटेररिस्ट के खिलाफ दूसरा काइनेटिक स्ट्राइक किया। ये हिंसक ड्रग तस्करी कार्टेल अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति और अमेरिकी हितों के लिए गंभीर खतरा हैं।’ ट्रंप के पोस्ट में बताया गया है कि हमले से वेनेजुएला की बोट में आग लग गई।
इस महीने का दूसरा हमला
इससे पहले 2 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में वेनेजुएला से कथित तौर पर ड्रग्स ले जा रहे एक जहाज पर अमेरिकी सेना ने हमला किया था। इस हमले में 11 लोग मारे गए थे। ट्रंप ने हमले में मारे गए लोगों को स्पष्ट रूप से पहचाने गए ट्रेन डे अरागुआ (टीडीए) नार्कोटेररिस्ट बताया था। वहीं वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिकी हमले की निंदा करते हुए इसे गैरकानूनी करार दिया था।
उन्होंने यह भी कहा कि ये नशीले पदार्थ एक जानलेवा हथियार हैं, जो अमेरिका के हितों के लिए गंभीर खतरा हैं। ट्रंप ने बताया कि अमेरिका के इस हमले में वेनेजुएला की बोट में आग लग गई। आपको याद दिला दें कि यह हमला पिछले महीने हुए एक और ऐसे हमले के बाद आया है, जिसमें संयुक्त राज्य ने एक नाव को निशाना बनाकर हमला किया था।
अमेरिका ने वेनेजुएला की लगातार दूसरी नाव पर इस तरह से एंटी ड्रग्स कार्रवाई के नाम पर हमला किया है। प्रशासन द्वारा किए गए इस हमले के पीछे की मंशा यह है कि ड्रग माफियाओं को सबक सिखाया जाए और इनके नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके। ये नार्को टेररिस्ट के खिलाफ किया गया हमला था, जो अमेरिका के दक्षिण कमान एरिया में सक्रिय रूप से काम कर रहा है।
वीडियो शेयर कर दी जानकारी
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर एक 28 सेकेंड का वीडियो शेयर कर इस बात की जानकारी दी । इस वीडियो में एक जहाज में विस्फोट होते हुए और आग लगते देखा जा सकता है। हालांकि, उनके वीडियो से ये बात साबित नहीं होती है कि उस जहाज में ड्रग्स थे या नहीं। वहीं, वेनेजुएला से भी हमले को लेकर कोई रिएक्शन नहीं आया है।









