Ranveer Singh को बिश्नोई गैंग से धमकी, एक करोड़ की रंगदारी की मांग , क्राइम ब्रांच की जांच तेज

मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। बॉलीवुड अभिनेता Ranveer Singh को कथित तौर पर बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी दी गई है और एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस मामले की जांच Mumbai Crime Branch कर रही है और कई अहम खुलासे हुए हैं।

वॉइस नोट के जरिए दी गई धमकी

सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता के मैनेजर के व्हाट्सएप नंबर पर एक वॉइस नोट भेजा गया था। जांच में पता चला है कि यह वॉइस नोट बिश्नोई गैंग के कथित खास गुर्गे हैरी बॉक्सर की आवाज का हो सकता है। प्राथमिक जांच में आवाज की पुष्टि होने की बात सामने आई है, हालांकि अन्य तकनीकी सबूत अभी जुटाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि यह वॉइस नोट फिल्म निर्माता Rohit Shetty के घर पर हुई फायरिंग की घटना के बाद भेजा गया था।

मैनेजर के मोबाइल पर आया था मैसेज

धमकी सीधे अभिनेता को नहीं, बल्कि उनके मैनेजर के मोबाइल नंबर पर भेजी गई थी। घटना के बाद अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। क्राइम ब्रांच ने तीन दिन पहले मैनेजर का बयान दर्ज किया और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

वीपीएन के जरिए भेजी गई धमकी, इंटरपोल की मदद

जांच में यह भी सामने आया है कि धमकी भेजने के लिए वीपीएन नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया था। अब तक की तकनीकी जांच में लोकेशन विदेश की बताई जा रही है। इस मामले में नेटवर्क की सटीक लोकेशन ट्रेस करने के लिए Interpol की मदद ली जा रही है।

क्राइम ब्रांच यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जिस समय धमकी भेजी गई, उस वक्त वीपीएन किस देश के सर्वर से ऑपरेट हो रहा था।

आयुष शर्मा के मैनेजर से भी पूछताछ

सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात अभिनेता Aayush Sharma के मैनेजर का भी बयान दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि आयुष शर्मा, अभिनेता Salman Khan के जीजा हैं।

मामले को लेकर जांच एजेंसियां सतर्क हैं और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जांच जारी, सुरक्षा बढ़ी

फिलहाल, Mumbai Crime Branch सभी तकनीकी और डिजिटल सबूत जुटाने में लगी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।

Exit mobile version