टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। शनिवार को मुंबई स्थित BCCI मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान BCCI सचिव देवजीत सैकिया, चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की मौजूदगी में 15 सदस्यीय टीम की घोषणा की गई।
भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में होने वाला यह मेगा टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च 2026 तक खेला जाएगा। खास बात यह है कि मौजूदा चैंपियन भारत इस टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करने उतरेगा।
सूर्यकुमार यादव कप्तान, अक्षर पटेल बने नए उपकप्तान
भारतीय टीम की कप्तानी एक बार फिर सूर्यकुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। यह पहला मौका है जब अक्षर को टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में उपकप्तानी की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं, अब तक उपकप्तान रहे शुभमन गिल को न सिर्फ पद से हटाया गया, बल्कि पूरी टीम से बाहर कर दिया गया है।
शुभमन गिल और जितेश शर्मा बाहर, ईशान किशन की वापसी
टीम चयन में सबसे बड़ा फैसला शुभमन गिल को बाहर करना रहा। चयनकर्ताओं का मानना है कि हालिया टी20 फॉर्म उनके पक्ष में नहीं थी।
इसके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा को भी टीम में जगह नहीं मिली है।इसके उलट, शानदार घरेलू प्रदर्शन के दम पर ईशान किशन की करीब दो साल बाद भारतीय टीम में वापसी हुई है। ईशान ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी फाइनल में शतक जड़कर चयनकर्ताओं का भरोसा जीता।
संजू सैमसन होंगे मुख्य विकेटकीपर
चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने साफ किया कि संजू सैमसन टीम के मुख्य विकेटकीपर होंगे। हालांकि बैकअप के तौर पर ईशान किशन भी मौजूद रहेंगे।संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी को हाल के मुकाबलों में सफलता मिली है, ऐसे में यही ओपनिंग जोड़ी वर्ल्ड कप में भी देखने को मिल सकती है।

रिंकू सिंह की टीम में वापसी
टी20 टीम में रिंकू सिंह की वापसी हुई है। रिंकू को मिडिल ऑर्डर और फिनिशर के तौर पर अहम भूमिका निभाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ियों को भी टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड सीरीज में भी यही टीम खेलेगी
टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय टीम 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी। इस सीरीज में भी यही वर्ल्ड कप स्क्वॉड मैदान में उतरेगा।
कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने पुष्टि की कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कोई स्टैंडबाई खिलाड़ी नहीं रखा जाएगा।इसका कारण यह है कि टूर्नामेंट भारत में ही हो रहा है, जिससे जरूरत पड़ने पर खिलाड़ी आसानी से उपलब्ध कराए जा सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारतीय टीम का पूरा शेड्यूल
भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को करेगा जिसमें वह USA से मुंबई के स्टेडियम में भिड़ेगा।12 फरवरी को भारतीय टीम नामीबिया की टीम से दिल्ली के स्टेडियम में भिड़ेगी।15 फरवरी को भारत बनाम पाकिस्तान का महामुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा।18 फरवरी को भारत बनाम नीदरलैंड का मैच अहमदाबाद के स्टेडियम में खेला जाएगा।टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल 8 मार्च 2026 को खेला जाएगा, जिसका वेन्यू बाद में घोषित किया जाएगा।
भारत को मिला आसान ग्रुप
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है।ग्रुप-A में भारत के साथ पाकिस्तान,USA,नामीबिया और नीदरलैंड की टीमें शामिल हैं।भारत का पाकिस्तान के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड मजबूत रहा है। टीम इंडिया ने एशिया कप और चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को लगातार मात दी है।
घरेलू जमीन पर इतिहास रचने का मौका
भारत ने 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था। अब सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम के पास घरेलू जमीन पर लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सुनहरा मौका है।अब सबकी नज़रें टीम इंडिया के प्रदर्शन पर होंगी क्या भारत घरेलू दर्शकों के सामने इतिहास रच पाएगा?