स्मृति मंधाना-पलाश मुच्छल की शादी टूटी, दोनों ने सोशल मीडिया पर की पुष्टि,अफवाहों पर लगाया विराम

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी अब आधिकारिक रूप से रद्द हो गई है। दोनों ने रविवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इसकी पुष्टि की और चल रही तमाम अफवाहों को विराम लगा दिया।

मंधाना ने अपने बयान में लिखा कि पिछले कुछ सप्ताह से उनके निजी जीवन को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं।उन्होंने स्पष्ट किया कि“मैं बहुत निजी इंसान हूं, अब यह स्पष्ट करना जरूरी है कि शादी रद्द कर दी गई है।”उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि दोनों परिवारों की निजता का सम्मान किया जाए।मंधाना ने यह भी कहा कि उनका फोकस केवल भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर रहेगा।

मंधाना के बयान के कुछ मिनट बाद ही पलाश ने भी इंस्टाग्राम पर फैसला साझा किया।उन्होंने लिखा कि“मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और निजी रिश्तों से दूर रहने का फैसला कर चुका हूं।”उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही झूठी और अपमानजनक अफवाहों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का “सबसे मुश्किल दौर” है।

हम आपको बता दें कि 23 नवंबर को सांगली में होने वाली शादी से पहले ही स्मृति मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे और फिर अगले दिन पलाश भी बीमार हो गए।शादी की सभी तैयारियां पूरी हो गई थीं हल्दी, मेहंदी और रस्मों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल थीं। लेकिन अचानक शादी टाल दी गई।इसके बाद मंधाना ने अपने अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी तस्वीरें डिलीट कर दीं, जिसके बाद रिश्ते में दरार की अफवाहें तेज हो गईं।

शादी टलने के बाद इंटरनेट पर पलाश पर चीटिंग के आरोप लगाए गए।पलाश का वृंदावन आश्रम का एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसे लोग मानसिक शांति की तलाश करार दे रहे थे।हालांकि अब दोनों ने साफ कर दिया है कि शादी पूरी तरह रद्द हो चुकी है और वे अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहते हैं।

 

Exit mobile version