भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को श्रीलंका को पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आठ विकेट से करारी मात दी। विशाखापट्टनम के स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने 32 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया और पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली।यह मुकाबला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतने के बाद भारतीय महिला टीम की पहली अंतरराष्ट्रीय सीरीज का हिस्सा है और टीम ने जीत के साथ अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

श्रीलंका की पारी 121 रन पर सिमटी
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। भारतीय गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका को 20 ओवर में 6 विकेट पर सिर्फ 121 रन पर रोक दिया।श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू शुरुआत में आक्रामक दिखीं, लेकिन तीसरे ओवर में क्रांति गौड़ ने उन्हें बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। मिडिल ऑर्डर में हर्षिता समरविक्रमा ने 21 रन जोड़े, मगर बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहीं। श्रीलंका की पारी लड़खड़ा गई और अंतिम ओवरों में निलाक्षी डी सिल्वा, कविषा दिलहारी और विष्मी तीन बल्लेबाज रन आउट हो गईं, जो उनकी हार की बड़ी वजह बनी।भारत की ओर से दीप्ति शर्मा, श्री चरणी और क्रांति गौड़ को एक-एक विकेट मिला।टीम में डेब्यू करने वाली लेफ्ट-आर्म स्पिनर वैष्णवी शर्मा ने भी प्रभावित किया और अपने चार ओवर में सिर्फ 16 रन दिए।
लक्ष्य का पीछा-शेफाली जल्दी आउट, फिर जेमिमा का शो
122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा 9 रन बनाकर दूसरे ही ओवर में आउट हो गईं। हालांकि इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने पारी को संभालते हुए शानदार साझेदारी की।इस दौरान स्मृति मंधाना ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 रन पूरे कर इतिहास रच दिया। वह ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला और दुनिया की दूसरी बल्लेबाज बनीं।

मंधाना 25 रन बनाकर आउट हुईं।जेमिमा ने 44 गेंदों में 10 चौकों की मदद से नाबाद 69 रन बनाए और 34 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी का आकर्षण 12वें ओवर में चार लगातार चौके रहे, जिससे मैच पूरी तरह भारत की पकड़ में आ गया।जेमिमा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।भारत ने 14.4 ओवर में 2 विकेट पर 122 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया।अब अगला मुकाबला 23 दिसंबर को विशाखापट्टनम में खेला जाएगा और सीरीज के अंतिम तीन मुकाबले तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे।यह सीरीज 30 दिसंबर तक चलेगी।
भारतीय महिला टीम ने गेंद और बल्ले दोनों से संतुलित प्रदर्शन करते हुए सीरीज में मजबूत शुरुआत की है। अब सबकी निगाहें दूसरे टी20 पर होंगी, जहां भारत बढ़त को और मजबूत करना चाहेगा।










