BREAKING

4 days ago
Sports

SOUTH AFRICA के जोहान्सबर्ग में भीषण गोलीबारी,10 लोगों की मौत और 10 से अधिक लोग घायल, मामले की जांच में जुटी राष्ट्रीय जांच एजेंसियां

दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाली सामूहिक गोलीबारी की घटना सामने आई है। जोहान्सबर्ग के पश्चिम में स्थित बेक्कर्सडाल टाउनशिप में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बार (टैवर्न) में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 10 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

रात 1 बजे हुआ हमला

पुलिस के अनुसार यह हमला रविवार रात करीब 1 बजे (स्थानीय समय) हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि हमलावर बिना किसी चेतावनी के टैवर्न में घुसे और वहां मौजूद लोगों पर गोलियां बरसाने लगे। गोलियों की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 12 अज्ञात संदिग्ध इस हमले में शामिल थे। ये हमलावर एक सफेद कोम्बी वैन और एक सिल्वर सेडान कार में सवार होकर आए थे। उन्होंने न सिर्फ टैवर्न के अंदर बल्कि बाहर सड़क पर मौजूद लोगों पर भी गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए।

सोने की खदानों के पास स्थित गरीब इलाका

यह गोलीबारी जिस इलाके में हुई, वह दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख सोने की खदानों के पास स्थित एक गरीब टाउनशिप है। पुलिस ने बताया कि यह टैवर्न एक ऐसा स्थान था जहां अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। हमले के बाद आपातकालीन सेवाओं ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी में घायल कुछ लोगों की स्थिति गंभीर होने के कारण मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। पुलिस फिलहाल पीड़ितों की पहचान करने में जुटी हुई है और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

जांच में जुटी राष्ट्रीय अपराध टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय अपराध और प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हमले के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है।

दक्षिण अफ्रीका में बढ़ता अपराध

गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुई गोलीबारी में तीन साल के बच्चे समेत 12 लोगों की मौत हो गई थी। करीब 6.3 करोड़ की आबादी वाले इस देश को दुनिया के सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में गिना जाता है।

पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस सामूहिक गोलीबारी के पीछे संगठित अपराध या आपसी रंजिश की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

Subscribe to Our Newsletter!

This will close in 0 seconds