KARNATAKA के चित्रदुर्ग में भीषण सड़क हादसा, बस में आग लगने से 11 लोगों की जिंदा जलकर मौत,20 से अधिक लोग घायल

कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-48 (NH-48) पर तेज रफ्तार ट्रक द्वारा डिवाइडर तोड़कर सामने से आ रही एक प्राइवेट स्लीपर बस को टक्कर मार दी, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 11 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

बेंगलुरु से गोकर्ण जा रही थी बस

पुलिस के मुताबिक, यह ‘लग्जरी स्लीपर’ बस बेंगलुरु से तटीय शहर गोकर्ण जा रही थी। बस में करीब 32 यात्री सवार थे। हादसा चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर तालुक के गोरलट्टू क्रॉस के पास रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ।अधिकतर यात्री उस समय बस में सो रहे थे। ट्रक ने अचानक डिवाइडर पार किया और बस के उस हिस्से से टकराया जहां डीजल टैंक था। टक्कर के तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और बस आग का गोला बन गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

कई यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों ने शीशे तोड़कर और बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घायलों को हिरियूर तालुक अस्पताल और तुमकुरु जिले के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रक चालक की भी मौत

ईस्ट जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रविकांत गौड़ा ने बताया कि इस हादसे में ट्रक चालक और क्लीनर की भी मौत हो गई है। वहीं, बस के ड्राइवर और क्लीनर सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, हादसा ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हुआ।

पीएम मोदी ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। PMO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।

राहत-बचाव कार्य जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस मृतकों की पहचान करने और हादसे की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

 

Exit mobile version