प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार की शाम लगभग 5 बजे अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे। वे बाबतपुर एयरपोर्ट से बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) गेस्ट हाउस सड़क मार्ग से पहुंचे। प्रधानमंत्री के इस दौरे पर जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। रास्ते में फूल बरसाए गए और हर-हर महादेव का जयघोष किया गया। यह PM मोदी का इस साल का पाँचवाँ और अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का 53वां दौरा है। प्रधानमंत्री यहां बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता उनके साथ बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी योजनाओं, विकास प्रोजेक्ट्स और जनता तक योजनाओं को पहुंचाने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
सुरक्षा के मद्देनजर SPG ने PM मोदी के भ्रमण मार्ग और संभावित निरीक्षण स्थलों का पूरा निरीक्षण किया है। माना जा रहा है कि PM रात में काशी की सड़कों पर भ्रमण कर सकते हैं और रोप-वे प्रोजेक्ट का भी निरीक्षण कर सकते हैं।शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी चार वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें से एक ट्रेन वाराणसी से खजुराहो तक चलेगी। यह ट्रेन वाराणसी को मिलने वाली आठवीं वंदे भारत ट्रेन होगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री स्कूली बच्चों से संवाद करेंगे और लगभग तीन हजार लोगों को संबोधित करेंगे।

वाराणसी पहुंचने के दौरान PM मोदी ने हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। उनका काफ़िला शाम 5.45 बजे तक बरेका परिसर तक पहुंच गया। रास्ते में यातायात को कुछ समय के लिए रोका गया और लोग पोस्टर, बैनर, झंडे और पुष्प वर्षा के माध्यम से उनका स्वागत कर रहे थे।प्रधानमंत्री का बरेका गेस्ट हाउस से अगला कार्यक्रम शनिवार सुबह लगभग 8 बजे शुरू होगा। वे बाई रोड बनारस रेलवे स्टेशन, मंडुआडीह से वाराणसी-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र से वर्चुअली लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत ट्रेनों को जनता की सेवा के लिए समर्पित करेंगे।
PM मोदी के वाराणसी दौरे की यह योजना शहरवासियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और ऊर्जा का संचार कर रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित स्वागत कार्यक्रमों ने एक बार फिर प्रधानमंत्री की लोकप्रियता को दर्शाया है।