दीपावली से पहले दहला कानपुर, मिश्री बाजार में जोरदार धमाका दो स्कूटी ब्लास्ट, 6 लोग घायल जांच में जुटीं एजेंसियां व पुलिस

बुधवार शाम कानपुर शहर के मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार इलाके में अचानक हुए दो स्कूटी ब्लास्ट से पूरा इलाका दहल उठा। यह विस्फोट इतना जोरदार था कि आस-पास की दुकानों और घरों के शीशे चटक गए। धमाके में 6 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम द्वारा गहनता से जांच कर रही है।

घटना कैसे हुई?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार शाम करीब 7:15 बजे मिश्री बाजार में खड़ी दो स्कूटी में अचानक तेज धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पटाखे, खिलौने और दुकानों में रखा सजावटी सामान सड़क पर बिखर गया। कुछ पटाखे और खिलौने बिजली के तारों में लटक गए। धमाके के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

धमाके की तीव्रता से आसपास खड़ी कई गाड़ियों को नुकसान हुआ और पास की दुकानों के सामान सड़क पर फैल गए। कुछ घरों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। फायर ब्रिगेड और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर खाली कराया गया।

चोरी की स्कूटी में हुआ धमाका

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस स्कूटी में धमाका हुआ, वह भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिला उपाध्यक्ष बृजेंद्र प्रकाश रस्तोगी की है। यह स्कूटी दो साल पहले हमराज कॉम्प्लेक्स में लगी भीषण आग की रात चोरी हुई थी। बृजेंद्र ने इसकी रिपोर्ट पहले ऑनलाइन और बाद में अनवरगंज थाने में दर्ज कराई थी। बुधवार रात जब पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि उनकी स्कूटी में धमाका हुआ है, तो वे खुद भी चौंक गए।

जांच में क्या सामने आया?

संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में स्कूटी में अवैध पटाखे और बारूद रखे जाने की बात सामने आई है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बारूद के सैंपल इकट्ठा किए हैं। अधिकारियों के अनुसार विस्फोट बारूद से हुआ, लेकिन इसकी तीव्रता अपेक्षाकृत कम थी।पुलिस का कहना है कि दोनों स्कूटी में पेट्रोल भरा हुआ था, लेकिन टंकियां सुरक्षित रहीं। यदि टंकी फट जाती, तो धमाका और भी बड़ा हो सकता था और जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।

साजिश या हादसा?

हालांकि शुरुआती जांच में यह मामला अवैध पटाखों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस और जांच एजेंसियां किसी साजिश की संभावना से इनकार नहीं कर रही हैं। दीपावली नजदीक होने के कारण बाजार में भीड़भाड़ थी और ऐसे में धमाके से गंभीर परिणाम हो सकते थे। इसी वजह से ATS, फोरेंसिक टीम और मिलिट्री इंटेलिजेंस भी जांच में शामिल हो गई हैं।सूत्रों के अनुसार, राजधानी लखनऊ से NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम भी कानपुर रवाना हो चुकी है, जो इस मामले की गहन जांच करेगी।

घायलों की स्थिति और बाजार का हाल

धमाके में घायल छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज चल रहा है।वहीं, धमाके के बाद मिश्री बाजार को खाली कराया गया और ट्रैफिक डायवर्ट कर दिया गया। दुकानदारों ने बताया कि धमाका इतना अचानक और तेज था कि उन्हें लगा कोई सिलेंडर फट गया है।

पुलिस और प्रशासन की सख्ती

कानपुर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि “अब तक की जांच में यह स्पष्ट है कि स्कूटी में अवैध पटाखे रखे गए थे। मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।”

कानपुर के इस ब्लास्ट ने न सिर्फ पुलिस-प्रशासन, बल्कि सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया है। चूंकि विस्फोट दीपावली से ठीक पहले व्यस्त बाजार में हुआ, इसलिए इसे साधारण हादसा मानकर नजरअंदाज करना आसान नहीं है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह महज अवैध पटाखों का हादसा था या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छुपी है।

 

Exit mobile version