रविवार देर रात मुंबई से कोलकाता जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG670 के एक इंजन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिससे विमान में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना के समय फ्लाइट आसमान में डगमगाने लगा, लेकिन पायलट ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति ली। फ्लाइट में लगभग 160 यात्री और केबिन क्रू के मेंबर सवार थे। जैसे ही इंजन फेल हुआ, पायलट ने मानक प्रक्रियाओं के अनुसार फुल इमरजेंसी घोषित की। एयरपोर्ट पर सभी रनवे खाली कराए गए और फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस तथा रेस्क्यू टीमों को तैनात किया गया। रात लगभग 11:38 बजे विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद फुल इमरजेंसी हटा दी गई।
एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि विमान सुरक्षित लैंड होने के बाद सभी यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं। किसी को भी चोट नहीं आई और कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। इस दौरान क्रू ने यात्रियों को लगातार स्थिति की जानकारी देते हुए उन्हें घबराहट से बचाया। कोलकाता एयरपोर्ट प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलते ही सभी सुरक्षा और बचाव प्रोटोकॉल तुरंत लागू कर दिए। रनवे पर फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीमों के अलावा रेस्क्यू टीमें भी तैनात की गईं। एयरपोर्ट स्टाफ और स्पाइसजेट अधिकारी सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में लगे रहे।
टेक्निकल फॉल्ट के कारण इंजन फेल हुआ
स्पाइसजेट एयरलाइंस के अधिकारियों ने बताया कि फ्लाइट SG670 के एक इंजन में तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या आई। विमान की जांच के लिए इंजीनियर्स तुरंत बुलाए गए हैं। एयरलाइन ने कहा कि टेक्निशियन्स इंजन की जांच कर रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद मीडिया और यात्रियों को पूरी जानकारी दी जाएगी।

यह स्पाइसजेट की दूसरी हालिया तकनीकी समस्या है। 23 अक्टूबर को दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट SG497 को टेक्निकल फॉल्ट के कारण वापस दिल्ली में उतारना पड़ा था। इसी तरह, हाल ही में एयर इंडिया की फ्लाइट AI174 को भी तकनीकी समस्या के चलते मंगोलिया के उलानबटार में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी।
सभी यात्री सुरक्षित
इस घटना से यात्रियों की किस्मत अच्छी रही। किसी भी तरह की चोट या नुकसान की सूचना नहीं है। सभी यात्रियों को बाद में दूसरी फ्लाइट के माध्यम से कोलकाता या उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचा दिया गया।