Ram Rahim Parole: डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को फिर मिली पैरोल, 30 दिन के लिए जेल से बाहर

डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर पैरोल पर जेल से बाहर आ गया है। हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में बंद राम रहीम को 30 दिनों की पैरोल दी गई है। मंगलवार सुबह वह जेल से बाहर निकला। वर्ष 2020 के बाद यह 16वीं बार है जब राम रहीम को पैरोल या फरलो मिली है।
राम रहीम फिलहाल अपनी दो महिला अनुयायियों के साथ दुष्कर्म मामले में 20 साल की सजा काट रहा है। उसे अदालत ने दोषी करार दिया था, जिसके बाद से वह हरियाणा की सुनारिया जेल में बंद है।
अधिकारियों के मुताबिक, पैरोल अवधि के दौरान राम रहीम सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में रहेगा। हालांकि, उसे अपने समर्थकों की बड़ी भीड़ जुटाने की अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह केवल वर्चुअल माध्यम से अपने अनुयायियों को संबोधित कर सकता है।
राम रहीम को इससे पहले भी कई बार पैरोल और फरलो मिल चुकी है। अक्टूबर 2020 से लेकर अब तक वह अलग-अलग अवधियों के लिए जेल से बाहर आता रहा है। इनमें 1 दिन से लेकर 50 दिन तक की पैरोल और फरलो शामिल रही हैं।
राम रहीम को मिली लगातार पैरोल को लेकर पहले भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठते रहे हैं। कई विपक्षी दलों ने चुनावी समय के आसपास पैरोल दिए जाने पर सरकार को घेरा है। वहीं, प्रशासन का कहना है कि सभी फैसले कानूनी प्रक्रिया और नियमों के तहत लिए जाते हैं।
इस बार भी राम रहीम की रिहाई को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं ताकि कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।