देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने फ्लाइट रद्द होने और भारी देरी से प्रभावित यात्रियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। 3, 4 और 5 दिसंबर के बीच जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द हुईं या जो लंबी देरी के कारण एयरपोर्ट पर फंसे रहे, उन्हें 500 करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड और मुआवजा दिया जाएगा।

इंडिगो ने बताया कि वह इन सभी प्रभावित उड़ानों की पहचान कर रही है। इसके बाद जनवरी 2026 से यात्रियों से सीधे संपर्क कर रिफंड और मुआवजा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। एयरलाइन ने इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, आसान और परेशानी-मुक्त बनाने का आश्वासन दिया है।
एयरलाइन का आधिकारिक बयान
इंडिगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि“हमारा लक्ष्य रिफंड प्रक्रिया को यात्रियों के लिए यथासंभव पारदर्शी, आसान और परेशानी-मुक्त बनाना है। जिन ग्राहकों की उड़ानें प्रस्थान समय से 24 घंटे के भीतर रद्द की गईं या जो लंबे समय तक एयरपोर्ट पर फंसे रहे, उन्हें 500 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया जाएगा।”
जनवरी 2026 से शुरू होगी प्रक्रिया
एयरलाइन ने स्पष्ट किया कि जनवरी 2026 से सभी प्रभावित यात्रियों से सीधे संपर्क किया जाएगा, ताकि उन्हें बिना किसी परेशानी के रिफंड और मुआवजा मिल सके। इंडिगो का कहना है कि अधिकांश रिफंड पहले ही जारी किए जा चुके हैं और बाकी जल्द पूरे कर दिए जाएंगे।
इंडिगो का भरोसा
इंडिगो ने कहा कि“दिसंबर 2025 तक हमारी प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि सभी प्रभावित ग्राहकों को उनका रिफंड तेजी और पूरी तत्परता के साथ मिल जाए।”यह कदम यात्रियों के हित में इंडिगो की बड़ी पहल माना जा रहा है, जिससे फ्लाइट रद्द होने से हुई असुविधा की भरपाई की जा सके।










