राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं और स्कूल परिसरों सहित आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने इन धमकी भरे ई-मेल्स को झूठा (HOAX) करार दिया है। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनज़र किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।शिव नादर स्कूल और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई
धमकी की जानकारी मिलते ही नोएडा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा कारणों से स्कूलों को खाली कराया गया और पूरे परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।पुलिस द्वारा किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी बढ़ाई गई सुरक्षा
ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर राजीव नारायण मिश्रा ने बताया कि स्कूलों के साथ-साथ नोएडा के भीड़भाड़ वाले मेट्रो स्टेशनों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर भी चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।इसके अलावा यूपी एटीएस की टीम भी जांच में शामिल हो गई है।
ई-मेल के सोर्स की तकनीकी जांच जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल यह मामला HOAX मेल की श्रेणी में आता है, लेकिन धमकी भेजने वाले के ई-मेल सोर्स और तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।










