प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 3 दिवसीय यात्रा पर साउथ अफ्रीका हुए रवाना, G20 समिट में लेंगे भाग, वैश्विक नेताओं से होगी मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह तीन दिवसीय यात्रा पर साउथ अफ्रीका रवाना हो गए हैं। वे जोहान्सबर्ग में होने वाले 20वें G20 लीडर्स समिट में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह दक्षिण अफ्रीका की चौथी आधिकारिक यात्रा है। इससे पहले वे 2016 में द्विपक्षीय दौरे और 2018 व 2023 में ब्रिक्स शिखर सम्मेलनों के लिए साउथ अफ्रीका जा चुके हैं।विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी G20 समिट के दौरान तीन मुख्य सत्रों में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे और विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकात भी करेंगे। इसके अलावा वे इंडिया-ब्राजील-साउथ अफ्रीका (IBSA) देशों की बैठक में भी शामिल होंगे। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री साउथ अफ्रीका में बसे भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे, जो दुनिया के सबसे बड़े भारतीय प्रवासी समुदायों में से एक है।

PM मोदी का बयान

रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा दक्षिण अफ्रीकी राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के औपचारिक निमंत्रण पर हो रही है। उन्होंने कहा, “मैं जोहान्सबर्ग में होने वाले 20वें G20 शिखर सम्मेलन में भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करूंगा, जो हमारे ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ और ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ के आदर्शों के अनुरूप है। यह शिखर सम्मेलन वैश्विक मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा का अवसर है।”

 

PM मोदी ने आगे बताया कि यह G20 समिट विशेष रूप से इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यह अफ्रीका में आयोजित होने वाला पहला शिखर सम्मेलन है। उन्होंने याद दिलाया कि भारत की अध्यक्षता वाले G20 समिट (2023) में अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्य बनाया गया था, इसलिए यह आयोजन भारत और अफ्रीका दोनों के लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है।इस वर्ष के G20 शिखर सम्मेलन की थीम ‘एकजुटता, समानता और स्थिरता’ है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस समिट में भारत का दृष्टिकोण वैश्विक स्तर पर साझा किया जाएगा, जो ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ और ‘एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य’ के विचारों के अनुरूप होगा।

IBSA समिट और द्विपक्षीय वार्ता

प्रधानमंत्री मोदी जी20 के अतिरिक्त 6वें IBSA (भारत, ब्राजील, साउथ अफ्रीका) शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इसके अलावा, वे कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। यह यात्राएँ भारत के वैश्विक कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने के उद्देश्य से की जा रही हैं।

G20 की भूमिका 

G20 यानी ग्रुप ऑफ ट्वेंटी दुनिया की 20 सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का समूह है। इसमें यूरोपीय यूनियन, अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, मेक्सिको, रूस, सऊदी अरब, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया, तुर्की, ब्रिटेन और अमेरिका शामिल हैं। ये देश वैश्विक आर्थिक गतिविधियों का लगभग 85% और व्यापार का 75% हिस्सा नियंत्रित करते हैं।

 

Exit mobile version