स्मृति मंथाना ने रचा इतिहास, आस्ट्रेलिया के खिलाफ लगाया चौथा शतक, तोड़ा विराट कोहली का रिकार्ड

भारतीय महिला वनडे टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में इतिहास रच दिया। मंधाना का इस मुकाबले में तूफान देखने को मिला और उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में शतक जड़कर विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ दिया

नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मंधाना 63 गेंदों में 17 चौके और पांच छक्कों के दम पर 125 रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि, मंधाना के शतक के बाद भी टीम इंडिया यह मुकाबला जीत नहीं पाई और 43 रन से हार गई।

महिला वनडे का दूसरा सबसे तेज शतक

मंधाना का 50 गेंदों में शतक महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। मंधाना ने बेथ मूनी और सोफी डिवाइन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. महिला वनडे में सबसे तेज़ शतक लगाने का रिकॉर्ड मेग लैनिंग के नाम है। जिन्होंने ओवल में 2012 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 45 गेंदों में शतक जड़ा था। बता दें, भारत के लिए महिला वनडे में सबसे तेज शतक लगाने वाली बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप-3 स्थान पर सिर्फ मंधाना ही हैं।

किसी एक देश के खिलाफ सबसे अधिक शतक

यह मंधाना का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथा शतक रहा और मंधाना अब महिला वनडे में किसी एक देश के खिलाफ सबसे अधिक शतक लगाने वाली बल्लेबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गई हैं। इस लिस्ट में पहले स्थान पर मेग लैनिंग हैं, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 शतक लगाए हैं। मंधाना, टैमी ब्यूमोंट (दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ), और नेट साइवर-ब्रंट (ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ) ने चार-चार शतक लगाए हैं।

वनडे में सबसे अधिक शतक

मंधाना का यह महिला वनडे का 13वां शतक रहा। मंधाना अब महिला वनडे में सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर आ गई हैं। इस लिस्ट में पहले स्थान पर मेग लैनिंग हैं, जिन्होंने 15 शतक लगाए हैं। जबकि सुजी बेट्स और स्मृति मंधाना ने 13-13 शतक लगाए हैं। जबकि टैमी ब्यूमोंट के नाम 12 शतक हैं।

सबसे तेज वनडे शतक

मंधाना अब वनडे फॉर्मेट में सबसे तेज शतक लगाने वाली भारतीय बन गई हैं। उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ा है। कोहली ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 52 गेंदों में शतक जड़ा था।मंधाना ने इस मैच में सिर्फ 25 गेंदों में अपना अर्द्धशतक पूरा किया था और वह महिला वनडे में सबसे तेज वनडे अर्द्धशतक लगाने वाली बल्लेबाज बन गए हैं।

एक साल में ठोके चार शतक 

इसके अलावा स्मृति मंधाना ने साल 2025 में वनडे में अपना चौथा शतक भी पूरा किया। इससे पहले उन्होंने साल 2024 में भी चार शतक ठोके थे। एक साल में सबसे ज्यादा शतक ठोकने के मामले में वो लगातार दो सालों से टॉप पर हैं। साउथ अफ्रीका की ताजमिन ब्रिट्स भी इस साल वनडे में चार शतक ठोक चुकी हैं।

 

Exit mobile version