बिहार में नालंदा जिले के हरनौत प्रखंड के सरथा पंचायत के ताड़ापर गांव में शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया। गांव के चार लोग रेल पटरी के पास पैदल जा रहे थे, तभी वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आ गए। इस घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तिलक समारोह जाने के दौरान हादसा : मिली जानकारी के अनुसार, पंडारक स्टेशन पर शुक्रवार को शाम करीब 5 बजे यह हादसा हुआ। सभी लोग एक ही परिवार के बताए जाते हैं और नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र टाड़ापर के रहने वाले हैं। सभी लोग अपने परिचित के यहां तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
हादसे में मरने वालों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में ताड़ापर गांव निवासी स्व. रविंद्र मांझी के पुत्र 23 वर्षीय जीतू मांझी, जवाहर मांझी के पुत्र 20 वर्षीय गोविंदा मांझी और स्व. सौदागर मांझी के पुत्र 65 वर्षीय रीतलाल मांझी शामिल हैं। वहीं, जगलाल मांझी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल
दुर्घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब तीनों शव गांव पहुंचे तो माहौल गमगीन हो गया। एक साथ तीन अर्थी उठने पर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और रेलवे पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही GRP की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।










